गुरुग्राम|हरियाणा की राजनीति में हलचल मचा देने वाली खबर सामने आई है. बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरेन्द्र सिंह के पुत्र बृजेन्द्र सिंह इन दिनों पूरे प्रदेश में सद्भावना यात्रा निकाल रहे हैं. सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में जाने वाली यह सद्भावना यात्रा बहुत से विधानसभा क्षेत्रों को कवर कर चुकी हैं.यह यात्रा इसलिए चर्चाओं में बनी हुई है कि कांग्रेस पार्टी का कोई भी विधायक या सीनियर नेता इस यात्रा में शामिल नहीं हो रहा है.

कुछ हलकों में जिलाध्यक्ष या फिर पुराने कांग्रेसी नेताओं ने अपनी उपस्थिति जरूर दर्ज करवाई है. पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा सहित प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और कई अन्य बड़े नेताओं ने यह कहकर सद्भावना यात्रा में शामिल होने से इंकार कर दिया कि यह बृजेन्द्र सिंह की निजी यात्रा हैं, पार्टी का इससे कोई लेना- देना नहीं है.
सद्भावना यात्रा में शामिल होंगे राहुल गांधी
मिली जानकारी के अनुसार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 8 मई को गुरुग्राम में पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह की सद्भावना यात्रा में शामिल होंगे. तय कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी खांडसा रोड से सदर बाजार तक होने वाले रोड शो में हिस्सा लेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. उनके सुरक्षा कर्मी आज गुरुग्राम पहुंचे थे जहां उन्होंने रूट और कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया.
राहुल गांधी के सद्भावना यात्रा में शामिल होने की खबर सामने आने पर हरियाणा कांग्रेस के बड़े नेताओं में उलझन की स्थिति पैदा हो गई है. अब तक हुड्डा और राव नरबीर सिंह सहित अन्य जो नेता इस सद्भावना यात्रा को निजी यात्रा बताते हुए किनारा कर रहे हैं, अब उन्हें राहुल गांधी के साथ इस कार्यक्रम में शिरकत करनी ही होगी.
शहरी निकाय चुनावों में मिलेगा फायदा
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि भले ही सद्भावना यात्रा को अब तक पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता निजी पहल बताते रहे हैं लेकिन राहुल गांधी की मौजूदगी से इसे बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है. इस कार्यक्रम से हरियाणा में कांग्रेस के संगठन को मजबूती मिलेगी और शहरी निकाय चुनावों में कांग्रेस पार्टी की एकजुटता का संदेश जाएगा .