चंडीगढ़ | हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. आसमान में बादलों की आवाजाही कम होते ही सूर्य के तीखे तेवर देखने को मिल रहे है. पिछले 24 घंटों में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन अभी लू की स्थिति से राहत है.पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण अलसुबह और देर रात के समय गुलाबी ठंड का एहसास बना हुआ है.

तेज हवाओं के साथ आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज राज्य के 4 जिलों में धूल भरी आंधी और 30 से 40 KM की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा के मध्य और पश्चिमी हिस्सों खासकर सिरसा, हिसार, फतेहाबाद और जींद के आसपास गरज- चमक के साथ आंधी चलने का येलो अलर्ट किया है.
हरियाणा तापमान अपडेट
अगर राज्य के तापमान के आंकडों पर नजर डाले तो सबसे अधिक तापमान सिरसा जिले में दर्ज किया है, जो कि 38.2 डिग्री सेल्सियस रहा है. वहीं रोहतक, फरीदाबाद और हिसार में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा है. फिलहाल लू जैसी स्थिति राज्य में नहीं है, क्योंकि तापमान अभी भी सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है. आने वाले दिनों में धूप और तेज होगी, जिससे गर्मी का अहसास ज्यादा होगा.
आगे जाने मौसम का हाल
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खिचड़ ने बताया कि 10 मई तक मौसम खुश्क एवं परिवर्तनशील रहने की संभावना है. इस दौरान हवाओं में बदलाव आने और उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने और रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है. 10 मई को एक ओर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिसके प्रभाव से मौसम बदलने की संभावना है.