फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से फरीदाबाद के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. फरीदाबाद लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने बड़ी जानकारी साझा करते हुए कहा है कि दिल्ली आश्रम चौक से फरीदाबाद के सराय ख्वाजा/ सेक्टर- 37 तक प्रस्तावित सिग्नल फ्री एलिवेटेड कॉरिडोर की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुकी है. अब पर्यावरण एवं वन विभाग से मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

800 करोड़ रुपए का मेगा प्रोजेक्ट
दिल्ली के आश्रम चौक से फरीदाबाद के सराय ख्वाजा/ सेक्टर- 37 तक ट्रैफिक जाम की जकड़न दूर करने के लिए 800 करोड़ रुपए की लागत से एक एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण प्रस्तावित है. सिक्स लेन के इस एलिवेटेड कॉरिडोर की बदौलत दिल्ली से फरीदाबाद के बीच का सफर लगभग 15 मिनट में पूरा हो सकेगा. इसके बनने से लोगों को शहर की सड़कों की भीड़- भाड़ से दूर सुपरफास्ट सफर का अनुभव मिलेगा. यह एलिवेटेड कॉरिडोर बदरपुर बॉर्डर और आली गांव जैसे भीड़- भाड़ वाले इलाकों के ऊपर से होकर गुजरेगा.
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि वर्तमान में दिल्ली और फरीदाबाद के बीच आवागमन का प्रमुख रास्ता साढ़े 4 किलोमीटर लंबा बदरपुर एलिवेटेड फ्लाईओवर है लेकिन लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के चलते अब इस सड़क पर भी अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है.
ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम, दिल्ली और नोएडा से रोजाना हजारों की संख्या में वाहन फरीदाबाद के लिए आवाजाही करते हैं. ऐसे में बदरपुर बॉर्डर पर वाहनों की भीड़ होने की वजह से ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. खासकर पीक आवर्स के दौरान हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं. अब इस एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण से लोगों को इन शहरों के बीच आवागमन करने का नया विकल्प मिलेगा.
यह कॉरिडोर पूरी तरह से सिग्नल फ्री होगा जिससे पलक झपकते ही लोग एक शहर से दूसरे शहर में पहुंच जाएंगे. जल्द ही, इस परियोजना पर काम शुरू किया जाएगा ताकि लोगों को जल्द इस सड़क मार्ग का लाभ मिल सके.