चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम शुष्क एवं परिवर्तनशील बना हुआ है. 2 दिनों से तेज धूप और उमस के बाद अब मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग ने आज रात से मौसम में बदलाव की संभावना जताई है. आज पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा दक्षिण- पश्चिमी और उत्तरी- पूर्व इलाकों में गरज- चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक आंधी चल सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में इसका असर ज्यादा देखने को मिलेगा. इन जिलों में इस दौरान तेज आंधी, गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ – साथ तेज बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने इस दौरान किसानों और आम जनता को सावधानी बरतने की सलाह दी है.
हरियाणा तापमान अपडेट
अगर तापमान के आंकडों की बात की जाए तो राज्य में सबसे गर्म जिला सिरसा रहा है, जहां का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. करनाल, हिसार, यमुनानगर, फरीदाबाद, गुरुग्राम जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है. पिछले 24 घंटों की तुलना में तापमान में 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है. वहीं दिन के मुकाबले रात का मौसम फिलहाल सुखद बना हुआ है. सबसे कम न्यूनतम तापमान रोहतक जिले में दर्ज किया है जोकि 18 डिग्री सेल्सियस रहा है. पिछले 24 घंटों के मुकाबले न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है. अब दिन और रात का तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है.
आज रात से मौसम में बदलाव
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि – मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 14 मई तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है. इस दौरान 10 मई रात्रि को एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढ़ने तथा राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने की संभावना है, जिसके आंशिक प्रभाव से 11 मई से 13 मई के दौरान हरियाणा राज्य में आंशिक बादलवाई रहने तथा बीच बीच में तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान हवाओं व गरज चमक के साथ राज्य में कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है, जिससे दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव न होने तथा रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है.