चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम निरंतर परिवर्तनशील बना हुआ है, लेकिन फिर भी गर्मी का अहसास बना हुआ है. कल दोपहर को तेज चिलचिलाती धूप में जनजीवन के पसीने छुड़ा दिए. आज सुबह से ही हिसार समेत कई जिलों में बारिश के साथ बिजली कड़क रही है, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है. मौसम विभाग ने दो से तीन दिनों तक हरियाणा राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है.

हरियाणा के इन जिलों में बारिश
मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों में आज गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा कुरुक्षेत्र, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद और भिवानी जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज- चमक की संभावना जताई है. बारिश और तेज हवाओं के कारण किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी है.
11 से 14 मई तक खराब मौसम के आसार
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील रहने वाला है. बैक – टू – बैक सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ ने फिलहाल हीटवेव के तेवरों को ढीला कर दिया है. कल रात से मौसम में बदलाव साफ देखने को मिल रहा है. इसके प्रभाव से 11 मई से 14 मई तक हरियाणा, दिल्ली- एनसीआर में तेज बारिश, गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी.
किसानों को सलाह
बदलते मौसम और गरज-चमक के साथ तेज हवाओं के कारण मौसम विभाग ने लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है. किसानों को सलाह दी है कि खराब मौसम में पेड़ों और कच्चे छप्पर के नीचे शरण न ले. वहीं मौसम सामान्य होने तक खेतों में कृषि कार्य को टाल दे, ताकि दुर्घटना से बचा जा सके.