चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम का मिजाज तेजी से बदला- बदला नजर आ रहा है. दिन के समय तेज धूप और उमस भरी गर्मी से जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है. वहीं, शाम के समय धूलभरी आंधी और तेज हवाओं ने हलचल मचा रखी है. राज्य में मौसम अचानक से बदल रहा है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 3 दिनों में गर्मी के तेवर और तीखे होने वाले है, जिससे लोगों को लू एवं हीट वेव का सामना करना पड सकता है.

इन जिलों में बारिश
कल सुबह के समय जींद, हिसार, पानीपत, करनाल, कैथल और फतेहाबाद में बारिश हुई है. इसके बाद, रात्रि के समय बहादुरगढ़ में ओले गिरे और सोनीपत, करनाल, भिवानी में झमाझम बारिश हुई, लेकिन सिरसा, फतेहाबाद, यमुनानगर समेत कई जिलों में भारी तूफान देखने को मिला है. यमुनानगर में तेज तूफान के चलते कई गांव में बिजली भी प्रभावित रही.
तापमान के आंकड़ों पर नजर
तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों में तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई. सबसे गर्म जिला सिरसा दर्ज किया गया है, यहां का तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया है और अन्य जिलों में तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है, हालांकि अभी रात का तापमान सामान्य बना हुआ है. जैसे-जैसे दिन का पारा बढ़ेगा वैसे-वैसे रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी.
आगे जाने मौसम का मिजाज
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि राज्य में मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है. पिछले दिनों सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो चुका है. अब धीरे- धीरे तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. आने वाले दिनों में पश्चिमी हिस्सों में हीट वेव की स्थिति देखने को मिलेंगी. इसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. 17 मई से राज्य में लू चलने की संभावना है.