चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम के मिजाज में लगातार उतार – चढ़ाव जारी है. दिन में तेज धूप और शाम के समय धूलभरी आंधी देखने को मिल रही है. कभी भीषण गर्मी होती है, तो कभी मौसम सुहावना हो रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ ने दक्षिण हरियाणा के 8 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी का येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान राज्य में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.

हरियाणा तापमान अपडेट
राज्य में वीरवार को गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिला, क्योंकि राज्य के औसतन अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. सिरसा जिले में तापमान सबसे अधिक रहा है और बाकी जिलों में तापमान 41 डिग्री के पास दर्ज किया गया है. वहीं करनाल सबसे ठंडा जिला रहा है. यहां का तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. आने वाले दिनों में तापमान में ओर बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है.
आगे जाने मौसम का हाल
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 15 मई तक पश्चिमी विक्षोभ का आंशिक असर रहेगा. इस दौरान कहीं-कहीं बादल, गरज-चमक और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. इसके बाद 16 मई से 20 मई तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा. दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी की संभावना है, जबकि रात के तापमान में हल्की गिरावट आएगी. तापमान में भारी उछाल आने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में हीट वेव की स्थिति बन सकती है.
आने वाले दिनों में लू से बचने की सलाह
मई के अंत में भीषण गर्मी और लू के थपेड़े लोगों को बेहाल करेंगे, जिससे लोगों का घर से निकलना दूभर होगा. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में लोगों को लू से बचने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानी बरतने की सलाह दी है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहे. सुबह के घर से खाना खाने के बाद ही बाहर जाएं, खाली पेट निकलने से चक्कर आने की समस्या हो सकती है और खूब सारा पानी पिएं.