नई दिल्ली | EPFO के करोड़ों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. ईपीएफओ में निर्णय लेने वाली संस्था केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) के सदस्य एसपी तिवारी ने बताया कि न्यूनतम पेंशन में 3 गुणा बढ़ोतरी का प्रस्ताव अब अंतिम चरण में है. रिटायरमेंट के बाद EPFO से मिलने वाली न्यूनतम पेंशन 1 हजार रुपए से बढ़ाकर 3,000 रुपए करने की तैयारी है.

केंद्रीय मंत्री ने जताई सहमति
उन्होंने बताया कि CBT की तीन बैठकों में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी है और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने भी इस प्रस्ताव पर सहमति जताई है. EPFO अपने ब्याज समेत अन्य संसाधनों से देश भर के 40 लाख पेंशनर्स को 3 हजार रुपये प्रति माह पेंशन देने में सक्षम है. साढ़े 7 हजार रुपये की मांग पूरी करना फिलहाल संभव नहीं है.
EPFO सदस्यों को मिलेगा नई सुविधाओं का लाभ
एसपी तिवारी ने बताया कि UPI के माध्यम से PF राशि सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर होने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है. इसी साल जुलाई महीने से इस सुविधा का लाभ EPFO सदस्यों को मिलने लगेगा. हालांकि, सदस्य अपनी हिस्से की जमा राशि का 50% ही PF निकाल सकेंगे. नियोक्ता द्वारा जमा राशि नहीं निकाल सकेंगे.
उन्होंने बताया कि EPFO 3.0 पोर्टल 1 जून से लागू होने की संभावना है. इसके आधार पर पेंशन और PF निकासी के नए नियम लागू हो जाएंगे. PF कटौती कर्मचारी के अधिकतम 15 हजार रुपये बेसिक वेतन और DA मानकर की जाती है. इसको बढ़ाने की मांग हो रही है और उम्मीद है कि जल्द ही PF के लिए सीमा 25 हजार रुपये हो जाएगी.