सोनीपत | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां सोनीपत जिले की युवा पहलवान बेटी ने महाराष्ट्र में आयोजित 3 दिवसीय नेशनल कुश्ती प्रतियोगिता में अपने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया. उनकी इस शानदार उपलब्धि पर सोनीपत ही नहीं बल्कि पूरे हरियाणा के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर छाई हुई है.

हिंद केसरी का जीता खिताब
महाराष्ट्र में आयोजित हुई इस कुश्ती प्रतियोगिता में काजल ने 65+ भारवर्ग में खेलते हुए गोल्ड मेडल जीतकर हिंद केसरी का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया. काजल की इस ऐतिहासिक जीत पर उन्हें इनाम के तौर पर 1 कार और 2 किलोग्राम की चांदी की गदा देकर सम्मानित किया गया. सोनीपत शहर के सेक्टर -23 में उनके सम्मान में एक समारोह का मुआयना किया गया था जहां मेयर राजीव जैन ने उन्हें सम्मानित करते हुए बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की.
अपनी इस ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर करते हुए काजल ने बताया कि यह उनका लगातार दूसरा विश्व चैंपियनशिप गोल्ड मेडल है. इससे पहले उन्होंने साल 2024 में U- 17 विश्व चैंपियनशिप में यूक्रेन की महिला पहलवान को पटखनी देते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया था. लगातार 2 विश्व चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर काजल ने यह साबित कर दिया है कि भारतीय महिला कुश्ती के स्वर्णिम भविष्य को लिखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी.
सोनीपत जिले के गांव लाठ निवासी काजल एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती है और उनके पिता टैक्सी चलाकर अपने परिवार का पालन- पोषण करते हैं. बेटी की कामयाबी पर अपार खुशी जाहिर करते हुए पिता ने गर्व महसूस करते हुए कहा कि यह उनके निरंतर परिश्रम और लगन का नतीजा है. आगे भी हमारी बेटी इसी तरह देश- प्रदेश का नाम रोशन करती रहें, इसी उम्मीद के साथ मेहनत जारी रहेगी.
बेहद शानदार उपलब्धियों से भरा करियर
काजल छोटी उम्र में ही कई बड़े रिकार्ड्स अपने नाम कर चुकी हैं. महज 16 साल की उम्र में ही वह 16 बार भारत केसरी का खिताब जीत चुकी है.
साल 2022 में U- 20 और U- 15 में एशियन चैंपियनशिप खेलते हुए गोल्ड मेडल जीता.
साल 2023 में U- 17 और U- 23 एशियन चैंपियनशिप खेलते हुए 73 किलोग्राम भारवर्ग में गोल्ड मेडल जीता.
साल 2024 में U- 23 और U- 17 में एशियन चैंपियनशिप जॉर्डन में खेलते हुए गोल्ड मेडल जीता.
अगस्त, 2024 में 69 किलो भारवर्ग में U- 17 वर्ल्ड चैंपियनशिप खेलते हुए गोल्ड मेडल जीती थी और वर्ल्ड चैंपियन बनी.
जून, 2025, U- 17 और U- 23 एशियन चैंपियनशिप में 73 किलोग्राम भारवर्ग में सिल्वर मेडल जीता.
जुलाई, 2025 में U- 15 और U- 20 एशियाई चैंपियनशिप कजाकिस्तान में खेलते हुए 76 किलोग्राम भारवर्ग में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया.
जुलाई, 2025 में U- 17 वर्ल्ड चैंपियनशिप, ग्रीस में 73 किलोग्राम भारवर्ग में सिल्वर मेडल जीता.
अगस्त, 2025 में U- 20 वर्ल्ड चैंपियनशिप में 72 किलोग्राम भारवर्ग में गोल्ड मेडल जीता.
मई, 2026 में 65+ भारवर्ग में गोल्ड मेडल जीत कर हिंद केसरी बनी.