पंचकूला | हरियाणा के पंचकूला जिले से खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. सूबे की नायब सैनी सरकार ने ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स की तर्ज पर पंचकूला में दूसरा स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स बनाने की योजना बनाई गई. इससे पंचकूला जिला स्पोर्ट्स हब के रूप में उभर कर सामने आएगा. यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकेंगे.

खिलाड़ियों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं
खेल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि करीब 80 करोड़ रुपए की लागत से गांव नग्गल में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा. यह प्रोजेक्ट क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए वरदान साबित होगा. खिलाड़ियों को तैयारी के लिए आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा जिससे उनके खेल कौशल में निखार आएगा और वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ा सकेंगे.
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित काॅम्प्लेक्स में क्रिकेट, फुटबाॅल, कबड्डी, वालीबाॅल, बैडमिंटन और एथलेटिक्स सहित कई खेलों के लिए मैदान और कोर्ट बनाए जाएंगे. इससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और बच्चों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिलेगा. इसके अलावा पंचकूला में विश्वस्तरीय शूटिंग रेंज तैयार की जा रही है जिसपर 109 करोड़ रुपए खर्च होंगे.
शूटिंग रेंज की मिलेगी सौगात
पंचकूला मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (PMDA) ने इंटरनेशनल स्तर की आधुनिक शूटिंग रेंज के निर्माण कार्य को शुरू करवा दिया है. यह अत्याधुनिक सुविधा खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का मंच प्रदान करेगी. भूतल पर 50 मीटर, 25 मीटर और फाइनल शूटिंग रेंज बनाई जाएंगी, जबकि पहली मंजिल पर 10 मीटर शूटिंग रेंज होगी. इस शूटिंग रेंज को इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के हिसाब से विकसित किया जाएगा ताकि नेशनल और इंटरनेशनल स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जा सके.
मैंने अपने घोषणापत्र में गांव नग्गल में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की घोषणा की थी. इस परियोजना के लिए नगर निगम के पास पर्याप्त जमीन है. हम विशेषज्ञों की राय लेकर भव्य और आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण करेंगे ताकि खिलाड़ियों को तैयारियों के लिए तमाम खेल सुविधाओं से लैस एक बेहतर मंच की सुविधा मिल सके- श्याम लाल बंसल, मेयर, पंचकूला