चंडीगढ़ | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. झारखंड के रांची स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम मोराबादी में 22- 25 मई तक आयोजित हुई 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन चैंपियनशिप में हरियाणा प्रदेश की बेटियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है. उन्होंने गोल्ड, सिल्वर और कांस्य पदक जीतकर देशभर में हरियाणा का नाम रोशन किया है.

जींद की रवीना और शिल्पा ने जीता सोना
10 किलोमीटर पैदल दौड़ इवेंट में जींद की रवीना ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया. उन्होंने 44 मिनट 29 सेकेंड 66 माइक्रो सेकेंड का समय लेते हुए इस उपलब्धि को हासिल किया. गोल्ड मेडल जीतने के साथ ही उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है. उनकी इस उपलब्धि पर घर-परिवार और गांव में खुशी का माहौल बना हुआ है. हर कोई उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना कर रहा है.
जेवलिन थ्रो इवेंट में जींद की ही शिल्पा रानी ने 56.46 मीटर का शानदार थ्रो करते हुए हरियाणा की झोली में स्वर्ण पदक डाल दिया. उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय देते हुए साबित कर दिया है कि क्यों हरियाणा को खेलों का पॉवर हाउस कहां जाता है. उनकी इस उपलब्धि पर माता-पिता ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हमारी बेटी ने शानदार उपलब्धि हासिल कर हमारा ही नहीं बल्कि पूरे हरियाणा का गौरव बढ़ाया है.
इन बेटियों ने जीते पदक
- शॉट पुट इवेंट में भिवानी की योगिता ने 16.82 मीटर थ्रो करते हुए सिल्वर मेडल जीता है.
- 100 मीटर रेस 11.62 सेकंड में पूरी करते हुए जींद की तमन्ना ने कांस्य पदक जीता.
- 1500 मीटर दौड़ 4 मिनट 21 सेकेंड 26 माइक्रो सेकेंड समय के साथ पूरी करते हुए हिसार की अंजू ने कांस्य पदक जीता.