हिसार | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. हाल ही में विदेशी धरती वियतनाम में आयोजित हुई U- 23 एशियन कुश्ती (पहलवानों) चैंपियनशिप में हिसार जिले के गांव नियाणा के रोहित नेहरा ने कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है. 97 किलोग्राम भारवर्ग की ग्रीको रोमन कुश्ती स्पर्धा में धाकड़ खेल का प्रदर्शन करते हुए उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है.

रोहित नेहरा ने बढ़ाया हरियाणा का गौरव
उनकी इस उपलब्धि पर गांव नियाणा सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल बना हुआ है और हर कोई उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना कर रहा है. कांस्य पदक जीतने पर खुशी जताते हुए रोहित ने कहा कि निरंतर परिश्रम जारी रहेगा और आगामी प्रतियोगिता में पदक का रंग गोल्ड करने का संघर्ष रहेगा. खेल कोटे से रेलवे विभाग में नौकरी हासिल करने वाले रोहित नेहरा लगातार नेशनल और इंटरनेशनल स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दे रहे हैं. इससे पहले भी रोहित कई प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर न सिर्फ गांव और जिला बल्कि पूरे देश और प्रदेश का नाम रोशन कर चुके हैं.
सचिन ने जीता सिल्वर मेडल
इसी कुश्ती चैंपियनशिप में हरियाणा के नए जिले हांसी के गांव सिसाय कालीरावण के पहलवान सचिन पान्नू ने सिल्वर मेडल जीतकर हरियाणा का गौरव बढ़ाया है. उनकी इस उपलब्धि पर पूरे इलाके के खेलप्रेमियों में खुशी छाई हुई है. उनके कोच संजय सिहाग ने बताया कि सचिन ने कठिन मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस उपलब्धि को हासिल किया है. उनकी सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है.
नारनौंद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने पहलवान सचिन को सिल्वर मेडल जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि छोटे गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है. इससे साबित होता है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती है.