चंडीगढ़ | हरियाणा में गर्मी के तेवर लगातार बढ़ रहे है. कई जिलों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. दोपहर के समय चल रही गर्म मरुस्थलीय हवाओं ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. भारतीय मौसम विभाग ने आज राज्य में अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 60 से 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती है.

हरियाणा के इन जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज दक्षिण और पूर्वी हिस्सों के जिले जैसे गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, रोहतक, झज्जर, सोनीपत और पानीपत में हीटवेव और धूलभरी आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट, जारी किया है. इसके अलावा उत्तर और पश्चिमी जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद, चरखी दादरी, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में तेज हवाएं चलने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार आज से राज्य में मौसम बदलने वाला है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है. नौतपा के चलते राज्य में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. दोपहर के समय सड़कों एवं पार्कों में सन्नाटा सा छाया रहता है. हिसार, सिरसा, भिवानी, रोहतक, फरीदाबाद और गुरुग्राम समेत कई जिलों में भयंकर गर्मी और लू का ज्यादा असर दिखाई दे रहा है.
आज शाम से बदलेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है. लगातार बढ़ते तापमान से भयंकर गर्मी का प्रकोप पड़ रहा है. कुछ स्थानों पर तो तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. आज शाम को एक मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव हो सकता है. इसके प्रभाव से राज्य में बादलों की आवाजाही और आंधी अंधड़ के साथ हल्की बारिश की संभावना है. आज शाम से मौसम में परिवर्तन के बाद पूरे हरियाणा में तापमान में गिरावट और हीटवेव से राहत रहेगी.