कुरुक्षेत्र | धार्मिक स्थलों पर भ्रमण करने के इच्छुक बुजुर्गो के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि प्रदेश सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक यात्रा करवाने के उद्देश्य से आगामी 8 जून को पवित्र तीर्थ स्थल सोमनाथ मंदिर के लिए एक विशेष ट्रेन हरियाणा से रवाना की जाएगी. मुख्यमंत्री नायब सैनी इस विशेष ट्रेन को कुरुक्षेत्र से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.

बुजुर्ग श्रद्धालुओं को मुफ्त सफर का तोहफा
डीआईपीआरओ दिनेश कुमार ने बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 1000 वर्ष की अखंड आस्था एवं पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष यात्रा के माध्यम से प्रदेश के पात्र बुजुर्ग श्रद्धालुओं को सोमनाथ मंदिर के दर्शन करवाए जाएंगे. यह धार्मिक यात्रा पूरी तरह निःशुल्क होगी. इच्छुक पात्र श्रद्धालु 6 जून तक आवेदन कर सकते हैं.
लाभार्थियों का चयन पहले आओ- पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा. यात्रा का समस्त खर्च हरियाणा सरकार द्वारा वहन किया जाएगा. आवेदन करने वाले सभी लाभार्थियों को 6 जून तक अपने जिला के लघु सचिवालय स्थित डीआईपीआरएलओ कार्यालय में अपनी जानकारी उपलब्ध करवाना अनिवार्य होगा.
यात्रा के लिए पात्रता व मुख्य शर्तें
- आवेदक की आयु 60 साल से ज्यादा और परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख तक होनी चाहिए. बुजुर्ग अपने जीवनसाथी को भी इस यात्रा पर मुफ्त ले जा सकते हैं.
- आवेदक हरियाणा का स्थायी निवासी होना चाहिए और उसके पास परिवार पहचान पत्र होना जरूरी है. एक वैध फोटो पहचान पत्र (जैसे वोटर आईडी, आधार कार्ड) आवश्यक है.
- श्रद्धालुओं को पंजीकरण के समय अधिकृत डॉक्टर द्वारा प्रमाणित मेडिकल प्रमाण- पत्र और पिछले 3 सालों में इस योजना का लाभ न लेने का स्वयं घोषणा पत्र अपलोड करना होगा.