न्यू चंडीगढ़ टेस्ट मैच, उमड़ा क्रिकेट प्रेमियों का सैलाब; शुभमन गिल का विकेट बना चर्चा का विषय

चंडीगढ़ | भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे ऐतिहासिक टेस्ट मैच के दूसरे दिन न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम में दर्शकों की संख्या पहले दिन की तुलना में काफी अधिक रही. रविवार होने के कारण बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैच देखने पहुंचे. हालांकि, स्थानीय स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल के जल्दी आउट होने से कई प्रशंसकों के चेहरे पर मायूसी भी दिखाई दी. बता दें कि मैच के पहले दिन शानदार शतक लगाने वाले शुभमन गिल ने दूसरे दिन 103 रन बनाया.

Cricket Match

फैंस को उम्मीद थी कि वह बड़ी पारी खेलकर दोहरा शतक बनाने की ओर बढ़ेंगे लेकिन वह 23 रन और जोड़कर 126 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए. जैसे ही उनका विकेट गिरा, स्टेडियम में मौजूद कई दर्शकों के बीच निराशा देखने को मिली. बड़ी संख्या में लोग खासतौर पर अपने स्थानीय खिलाड़ी शुभमन गिल को बल्लेबाजी करते देखने के लिए पहुंचे थे.

मिला समर्थन

रविवार होने की वजह से दूसरे दिन स्टेडियम में माहौल काफी उत्साहपूर्ण रहा. परिवारों, युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों की अच्छी- खासी मौजूदगी देखने को मिली. दर्शकों ने भारतीय खिलाड़ियों का समर्थन किया और पूरे मैच के दौरान उत्साह बनाए रखा. यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के इस आधुनिक स्टेडियम में खेला जा रहा पहला टेस्ट मैच है. इसी वजह से क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यह मुकाबला विशेष महत्व रखता है. इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने के लिए आसपास के जिलों के अलावा पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं.

किए गए विशेष इंतजाम

दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम प्रबंधन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं. गर्म मौसम को देखते हुए स्टेडियम के सभी प्रवेश द्वारों पर ठंडे पानी से भरे वाटर कैंपर लगाए गए हैं. इसके अलावा, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. न्यू चंडीगढ़ का यह मैदान देश का 31वां टेस्ट क्रिकेट स्टेडियम बन गया है. वहीं, पंजाब में यह तीसरा ऐसा मैदान है जहां टेस्ट क्रिकेट का आयोजन हो रहा है. इससे पहले मोहाली स्थित आईएस बिंद्रा क्रिकेट स्टेडियम और जालंधर के गांधी स्टेडियम में टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं.

परिवारों की रही मौजूदगी

मैच के पहले दिन खिलाड़ियों के परिवारों की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रही. भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल के माता- पिता कीरत गिल और लखविंदर सिंह स्टेडियम में मौजूद रहे और अपने बेटे का उत्साह बढ़ाते नजर आए. इसके अलावा, खिलाड़ी गुरनूर का परिवार भी मैच का आनंद लेने के लिए स्टेडियम पहुंचा था. पहले टेस्ट मैच की मेजबानी कर रहा न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक नया आकर्षण बनकर उभरा है. स्थानीय दर्शकों में इस मुकाबले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और आने वाले दिनों में भी बड़ी संख्या में फैंस के पहुंचने की उम्मीद है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.