गुरुग्राम में शुरू हुए 10 नए नागरिक सुविधा केंद्र, अब घर के पास मिलेंगी सरकारी सेवाएं

गुरुग्राम | नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) ने शहरवासियों को सरकारी और नगर निगम सेवाएं उनके घरों के नजदीक उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. बता दें कि निगम ने शहर के 10 वार्डों में नागरिक सुविधा केंद्र (सीएफसी) और कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) शुरू कर दिए हैं. इन केंद्रों के शुरू होने से लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए नगर निगम कार्यालयों के बार- बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी. शनिवार को नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने भीमनगर स्थित मेयर कैंप कार्यालय से इन केंद्रों का विधिवत शुभारंभ किया.

MCG Gurugram

नगर निगम द्वारा भीमनगर स्थित मेयर कैंप कार्यालय के अलावा वार्ड नंबर 2, 3, 10, 13, 18, 22, 23, 25, 29 और 30 में नागरिक सुविधा केंद्र एवं कॉमन सर्विस सेंटर स्थापित किए गए हैं. इन केंद्रों पर लोगों को शहरी स्थानीय निकायों से जुड़ी कई सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी.

धन की होगी बचत

इन केंद्रों के माध्यम से नागरिक प्रॉपर्टी टैक्स जमा कर सकेंगे, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा सकेंगे, हरियाणा परिवार पहचान पत्र (PPP) से संबंधित सेवाओं का लाभ ले सकेंगे और आधार कार्ड से जुड़े कार्य भी करवा सकेंगे. इसके अलावा, नगर निगम और अन्य सरकारी विभागों की कई सेवाएं भी इन केंद्रों के जरिए उपलब्ध कराई जाएंगी. मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य नागरिकों को बेहतर, सरल और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है. उन्होंने बताया कि वार्ड स्तर पर सुविधा केंद्र शुरू होने से लोगों को अपने ही क्षेत्र में आवश्यक सेवाएं मिलेंगी जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी.

यह भी पढ़े -  दिल्ली- जयपुर हाईवे पर बड़ा ट्रैफिक बदलाव, मानेसर एलिवेटेड निर्माण से बदला रूट

लोगों को होगा लाभ

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से सेवा वितरण व्यवस्था को मजबूत बनाया जाएगा. वहीं, अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी ने बताया कि केंद्रों पर प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती की गई है. इस पहल से वार्ड स्तर पर सरकारी सेवाओं की पहुंच मजबूत होगी और लोगों को विभिन्न कार्यों के लिए दूर- दराज के कार्यालयों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.