गुरुग्राम के 5 सेक्टरों में दूर होगी पानी की किल्लत, GMDA बिछाएगा नई पाइपलाइन

गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में सेक्टर 42, 43, 53, 54 और 55 में लंबे समय से बनी पेयजल संकट की समस्या को दूर करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने नई पाइपलाइन बिछाने की तैयारी शुरू कर दी है. इन क्षेत्रों की कई रिहायशी सोसाइटियों और कॉलोनियों से पर्याप्त पानी नहीं मिलने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. अब इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सेक्टर 51 के बूस्टिंग स्टेशन से सेक्टर 54 स्थित सनसिटी कॉलोनी तक नई जलापूर्ति लाइन डाली जाएगी.

Water

जीएमडीए की ओर से परियोजना का एस्टिमेट तैयार किया जा रहा है. इसके पूरा होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और निर्माण कार्य को गति दी जाएगी. अधिकारियों का मानना है कि नई पाइपलाइन शुरू होने के बाद इन सेक्टरों में रहने वाले हजारों परिवारों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा.

लोगों को हो रही परेशानी

गोल्फ कोर्स रोड से जुड़े सेक्टर 42 और 43 के अलावा सेक्टर 53 से 55 तक विकसित रिहायशी क्षेत्रों में पानी का दबाव कम रहने और पर्याप्त सप्लाई नहीं पहुंचने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं. गर्मी के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. GMDA ने सर्वे के बाद पाया कि सेक्टर 54 स्थित सनसिटी कॉलोनी में समस्या अधिक गंभीर है. करीब 200 एकड़ में फैली इस कॉलोनी में लगभग 1500 परिवार रहते हैं. अरावली पर्वत शृंखला के समीप स्थित होने और कई मकानों के ऊंचाई पर बने होने के कारण पर्याप्त दबाव के साथ पानी नहीं पहुंच पाता. इसी वजह से कॉलोनी के निवासियों ने कई बार शिकायत दर्ज कराई थी.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम खत्म करने की तैयारी, अगस्त में खुलेंगे 6 लेन फ्लाईओवर के टेंडर

जलापूर्ति व्यवस्था होती थी प्रभावित

सर्वे में शिकायतों को सही पाए जाने के बाद जीएमडीए ने नई पाइपलाइन बिछाने का निर्णय लिया. अधिकारियों का दावा है कि परियोजना पूरी होने के बाद इन पांचों सेक्टरों में पानी की कमी से जुड़ी शिकायतें काफी हद तक समाप्त हो जाएंगी और अगले वर्ष की गर्मियों तक लोगों को बेहतर जलापूर्ति मिलने लगेगी. दूसरी ओर, चंदू बुढेड़ा जल शोधन संयंत्र में बिजली की अघोषित कटौती भी जलापूर्ति व्यवस्था को प्रभावित कर रही है. इसका असर सुशांत लोक- 2, सुशांत लोक- 3 और सेक्टर 56 में देखने को मिल रहा है. बिजली जाने के बाद मोटरों को दोबारा शुरू करने में करीब 50 मिनट का समय लगता है क्योंकि तुरंत मोटर चलाने पर पाइपलाइन फटने का खतरा रहता है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.