कुरुक्षेत्र | हरियाणा के लिए गर्व की बात है कि कुरुक्षेत्र के रहने वाले ओंकार सैनी को इंग्लैंड के प्रतिष्ठित शहर बाथ का डिप्टी मेयर नियुक्त किया गया है. इस नियुक्ति के साथ उन्होंने एक नया इतिहास रच दिया है. ओंकार सैनी कुरुक्षेत्र के पहले व्यक्ति बन गए हैं, जिन्हें बाथ जैसे विश्व प्रसिद्ध शहर में यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. ओंकार सैनी की सफलता की शुरुआत हरियाणा के कुरुक्षेत्र से हुई.

उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा Agrasain Public School से प्राप्त की, जबकि माध्यमिक शिक्षा Geeta Niketan Awasiya Vidyalaya में पूरी की. शिक्षा के दौरान मिले संस्कार, अनुशासन और मेहनत की बदौलत उन्होंने आगे बढ़ते हुए यूनाइटेड किंगडम में उच्च शिक्षा हासिल की.
ऐसा रहा करियर
इसके बाद उन्होंने London Metropolitan University से अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की और इंग्लैंड के बाथ शहर को अपना स्थायी निवास बनाया. वर्तमान में वे डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी निभाने के साथ- साथ बाथ एंड नॉर्थ ईस्ट समरसेट काउंसिल में व्यापार, कौशल और डिजिटल विभाग के कैबिनेट लीड के रूप में भी कार्य कर रहे हैं. ओंकार सैनी स्थानीय आर्थिक विकास को बढ़ावा देने, छोटे और मध्यम उद्यमों को सहयोग देने, युवाओं के लिए कौशल विकास के अवसर तैयार करने और डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर काम कर रहे हैं. उन्हें स्थानीय स्तर पर भी काफी सम्मान दिया जाता है.
जताई खुशी
ओंकार अपनी पत्नी प्रिया के साथ बाथ में रहते हैं और दोनों सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं. वे भारतीय संस्कृति और ब्रिटिश समाज के बीच बेहतर तालमेल का उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहे हैं. अपनी नियुक्ति पर खुशी जताते हुए ओंकार सैनी ने कहा कि बाथ शहर का डिप्टी मेयर बनना उनके लिए सम्मान की बात है. उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र हमेशा उनके दिल में बसता है और वे अपनी इस उपलब्धि को अपने शहर और वहां के लोगों को समर्पित करते हैं, जिन्होंने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. उन्होंने कहा कि सेवा, कर्तव्य और परिश्रम ऐसे मूल्य हैं, जो किसी भी व्यक्ति को दुनिया के किसी भी कोने तक पहुंचा सकते हैं.
महाभारत और श्रीमद्भगवद्गीता की पवित्र भूमि कुरुक्षेत्र से निकलकर इंग्लैंड के प्रतिष्ठित शहर तक पहुंचने की उनकी यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है. इससे उनके परिवार सहित शहर व गांव में खुशी का माहौल बना हुआ है.