देश में मौसम का बड़ा बदलाव, 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी; खराब मौसम के चलते फ्लाइट्स डाइवर्ट

नई दिल्ली | देश में मौसम की चाल पिछले 7 दिनों से धीमी बनी हुई है. मानसून तमिलनाडु के चेन्नई, महाराष्ट्र के हरनाई और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी क्षेत्र में रुका हुआ है. 4 जून को केरल पहुंचने के बाद यह अगले 2 दिनों में 6 जून तक केवल 5 राज्यों तक ही पहुंच पाया था. हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 दिनों में मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बाकी हिस्सों को कवर कर सकता है.

Airport Flight

गुजरात को छोड़कर देश के लगभग सभी राज्यों में प्री- मानसून गतिविधियां सक्रिय हो गई हैं. दिल्ली में खराब मौसम के कारण 2 फ्लाइट्स को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा. राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई. मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, दिल्ली और पश्चिम बंगाल में भी बारिश देखने को मिली.

बादलों के कारण छाया अंधेरा

उत्तर प्रदेश में तेज आंधी के कारण एक पेट्रोल पंप की छत उड़ गई जबकि चित्रकूट में 4.5 करोड़ रुपये के ऑडिटोरियम की छत क्षतिग्रस्त हो गई. इटावा, सीतापुर और फिरोजाबाद में अलग- अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई. पंजाब के मानसा में तेज हवाओं के चलते लोहे का गेट गिरने से 9 साल के बच्चे की मौत हो गई. बिहार में पटना, बक्सर और सुपौल सहित 5 जिलों में सुबह घने बादलों के कारण अंधेरा छाया जिससे लोगों को वाहनों की लाइट जलाकर चलना पड़ा. यहां भी आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई.

22 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने आज 22 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू- कश्मीर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गोवा शामिल हैं. गुजरात को छोड़कर बाकी सभी राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया गया है. देश के 8 राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया.

यह भी पढ़े -  फरीदाबाद में बदली ट्रैफिक व्यवस्था, अस्थायी मार्ग से जाम में राहत

सबसे अधिक तापमान पंजाब के भटिंडा में 46.2 डिग्री सेल्सियस रहा. इसके अलावा, राजस्थान के श्रीगंगानगर में 45.9, उत्तर प्रदेश के बांदा में 45.4, महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में 45.5 और मध्य प्रदेश के खजुराहो में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

आने वाले समय में ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 12 जून को दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में आंधी- तूफान के साथ बारिश हो सकती है. साथ ही, 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, जम्मू- कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं. दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का अनुमान है.

13 जून को भी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आंधी- बारिश की संभावना है. कई इलाकों में ओले गिर सकते हैं. बिहार, झारखंड और ओडिशा में तेज आंधी के साथ बारिश का अनुमान है जबकि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश और कहीं- कहीं ओले गिरने की संभावना जताई गई है.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.