सोनीपत में भारी बारिश, टोहाना में पेड़ गिरने से जाम; हरियाणा में ऑरेंज अलर्ट

चंडीगढ़ | हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है. शुक्रवार सुबह सोनीपत में जमकर बारिश हुई जबकि गुरुवार रात आई तेज आंधी और तूफान से कई इलाकों में पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए. फतेहाबाद के टोहाना में पेड़ गिरने से कई मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई. इससे पहले फतेहाबाद, सिरसा, अंबाला और यमुनानगर में भी तेज बारिश दर्ज की गई. सोनीपत में खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है. मौसम विभाग ने आज प्रदेश के लिए आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

Barish Rain Weather Mausam

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. विभाग के अनुसार, 13 जून से मौसम में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है जबकि 15 जून के बाद मौसम पूरी तरह साफ होने की उम्मीद है.

हरियाणा मौसम अपडेट

आज प्रदेश के सभी 22 जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है. कई स्थानों पर 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और ओलावृष्टि की भी आशंका है. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत, सिरसा और फतेहाबाद में गरज-चमक के साथ ओले गिरने की संभावना जताई गई है. वहीं, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रोहतक, हिसार और भिवानी समेत कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है.

यह भी पढ़े -  देश में मौसम का बड़ा बदलाव, 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी; खराब मौसम के चलते फ्लाइट्स डाइवर्ट

अगले 2 दिन की स्थिति

13 जून को मौसम में कुछ राहत मिलने के संकेत हैं. उत्तर- पूर्वी जिलों पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर के साथ दक्षिणी हरियाणा में मौसम साफ रहने का अनुमान है. हालांकि हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी समेत पश्चिमी और मध्य हरियाणा के करीब 15 जिलों में येलो अलर्ट रहेगा. यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, 14 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और महेंद्रगढ़ में येलो अलर्ट जारी रहेगा जबकि बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है.

15 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और जींद के कुछ इलाकों में हल्की आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है जबकि दक्षिणी और पूर्वी हरियाणा में मौसम साफ रहने का अनुमान है.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.