हरियाणा में फिर बदलेगा मौसम, 9 जिलों में आंधी- बारिश का यलो अलर्ट जारी

चंडीगढ़ | हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग ने आज और कल प्रदेश के 9 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, 22 जून से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिसके प्रभाव से 22 और 23 जून को भी कई हिस्सों में मौसम प्रभावित रह सकता है. इस दौरान कहीं-कहीं गरज- चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं.

Barish Rain Weather

प्रदेश में इस बार जून महीने में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है. 1 जून से 18 जून तक हरियाणा में 26.4 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 24.9 एमएम मानी जाती है. प्रदेश में अब तक सामान्य से 6 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है. वहीं, 12 जून से 18 जून के बीच सामान्य 13.5 एमएम के मुकाबले 20.2 एमएम बारिश दर्ज हुई, जो करीब 50 प्रतिशत अधिक है.

हरियाणा मौसम अपडेट

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो पलवल में सबसे ज्यादा 107 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई. यहां सामान्य 11.4 एमएम के मुकाबले 23.6 एमएम वर्षा हुई. फतेहाबाद और महेंद्रगढ़ में भी सामान्य से 92 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई. रेवाड़ी, हिसार और भिवानी में भी सामान्य से काफी अधिक वर्षा हुई है. दूसरी ओर अंबाला में सबसे कम बारिश दर्ज की गई. यहां सामान्य 55.3 एमएम के मुकाबले केवल 16.2 एमएम बारिश हुई. यमुनानगर, कैथल, पंचकूला और रोहतक में भी सामान्य से कम वर्षा रिकॉर्ड की गई.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में फिर मेहरबान हुआ मानसून, 10 जिलों में यलो अलर्ट; अगले 48 घंटे भारी बारिश का खतरा

तापमान में बढ़ोतरी दर्ज

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 23 जून तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा. बीच- बीच में आंशिक बादल छाए रहेंगे और हवाओं की दिशा में बदलाव देखने को मिल सकता है. राजस्थान और पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने तथा पश्चिमी विक्षोभ के पहाड़ों की ओर बढ़ने से बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी. उधर, पिछले 24 घंटों में प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

रोहतक में सबसे अधिक 41.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं, रात के तापमान में भी 3.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है. नारनौल में न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री, गुरुग्राम में 24.9 डिग्री और भिवानी में 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.