चंडीगढ़ | हरियाणा में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, गरज- चमक और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग ने 21 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी जिलों के कुछ क्षेत्रों में छिटपुट बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. हालांकि शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में उमस और गर्मी का असर बना रहा जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दिन के औसत अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. रोहतक 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा. वहीं, फतेहाबाद और भिवानी के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई.
हरियाणा मौसम अपडेट
इससे स्थानीय लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली. विभाग ने चारों जिलों में करीब 25 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई है. मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, 22 जून को प्री-मानसून गतिविधियां और तेज हो सकती हैं. इस दौरान सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र जिलों में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है. इसके बाद, 23 जून को भी मौसम में हलचल बनी रहेगी और सिरसा, फतेहाबाद, हिसार तथा भिवानी के कुछ हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है.
मौसम शुष्क रहने का अनुमान
24 जून को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. ऐसे में एक बार फिर तापमान बढ़ सकता है और लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून से पहले इस तरह की गतिविधियां सामान्य हैं और अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार- चढ़ाव बना रह सकता है. इस बीच जून महीने में हरियाणा में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक 1 जून से 20 जून के बीच प्रदेश में 26.4 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 24.9 एमएम मानी जाती है. बता दें कि हरियाणा में अब तक सामान्य से 6 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है.
12 जून से 18 जून के बीच की बात करें तो इस दौरान 13.5 एमएम सामान्य बारिश के मुकाबले 20.2 एमएम वर्षा दर्ज की गई. यह सामान्य से करीब 50 प्रतिशत है. आने वाले दिनों में भी प्री- मानसून गतिविधियां जारी जिससे कुछ जिलों में राहत की बारिश देखने को मिल सकती है.