गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम के मानेसर नगर निगम क्षेत्र में स्थित सुल्तानपुर झील के आसपास की 11 अवैध कॉलोनियों को नियमित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. नगर निगम ने इन कॉलोनियों का सर्वे करवाकर रिपोर्ट वन्य जीव विभाग को अनुमति के लिए भेज दिया. वन्य जीव विभाग ने प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए फाइल को मुख्यालय भेज दी है. विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इन सभी 11 कॉलोनियों को नियमित करने का अंतिम निर्णय आगामी स्टेट वाइल्ड लाइफ बोर्ड की बैठक में लिया जाएगा.

प्रांतीय बोर्ड से हरी झंडी मिलने के बाद इस पूरे मामले को अंतिम मंजूरी के लिए नेशनल बोर्ड फॉर वाइल्ड लाइफ (राष्ट्रीय वन्य जीव बोर्ड) के पास भेजा जाएगा. इन चिन्हित कॉलोनियों में इस समय लगभग 25 हजार से अधिक की आबादी निवास कर रही है.
गुरुग्राम में 5 किलो दायरा है प्रतिबंधित
सुल्तानपुर झील और राष्ट्रीय उद्यान के आसपास का पांच किलोमीटर का दायरा पर्यावरण संवेदनशील क्षेत्र के रूप में अधिसूचित है. इस क्षेत्र में अवैध निर्माण और वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर पूरी तरह से प्रतिबंध है. इन अवैध कॉलोनियों के बनने का सिलसिला साल 2005 से शुरू हुआ था, जो लगातार जारी रहा. पिछले दो दशकों में लोगों ने यहां जमीन खरीदकर अपने मकान बना लिए. अधिकारियों के अनुसार सूची में शामिल कुछ कॉलोनियां तो ऐसी भी हैं जो साल 2020 के बाद बहुत तेजी से विकसित हुई. वन्य जीव विभाग की पाबंदियों के बावजूद इन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य हो चुके हैं, जिसे देखते हुए अब नियमित करने के विकल्प पर काम किया जा रहा है.
184 अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की तैयारी
सुल्तानपुर झील के प्रतिबंधित दायरे में 11 कॉलोनियों के अलावा 184 रिहायशी और व्यवसायिक भवनों का निर्माण भी सामने आया है. इनमें कॉलेज और स्कूल भी शामिल हैं. कुछ लोगों ने फार्म हाउस तक झील के चारदीवारी के साथ बना लिए हैं. ऐसे में वन्य जीव विभाग ने कार्रवाई के लिए लिखा है. वन्य जीव प्रेमी अनिल गंडास ने कहा कि झील के पांच किलोमीटर दायरे में निर्माण पर प्रतिबंध है, लेकिन अब इन्हें नियमित करने की प्रक्रिया से निर्माण को बढ़ावा मिलेगा.
सबमर्सिबल के भरोसे लोग
वर्तमान में इन क्षेत्रों के निवासी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं. लोग निजी ट्यूबवेल और सबमर्सिबल पंपों के जरिए भूजल का उपयोग कर रहे हैं जिससे भूजल स्तर पर भी असर पड़ रहा है. इन कॉलोनियों के नियमित होते ही पक्की सड़कें, सीवर सिस्टम, पेयजल पाइपलाइन और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है. मानेसर नगर निगम द्वारा सूची में शामिल 11 कॉलोनियों में बालाजी नगर, श्रीकृष्ण कॉलोनी, न्यू कॉलोनी, न्यू बसंत विहार, माता मंदिर कॉलोनी, विजय कॉलोनी, गढ़ी ग्रीन, मंत्री मंदिर कॉलोनी, कटारिया कॉलोनी, शिखाताला पालम कॉलोनी और किला चंदनगर शामिल हैं.