गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने सेक्टर 51- 52 की डिवाइडिंग मास्टर रोड के साथ स्थित सर्विस रोड के सुधार की योजना पर काम शुरू कर दिया है. करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से 2.1 किलोमीटर लंबे हिस्से का विकास किया जाएगा. इस परियोजना को 6 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके तहत, मौजूदा सर्विस रोड की मरम्मत किया जाएगा जिससे वाहनों की आवाजाही सुचारु हो सकेगी. साथ ही, स्थानीय यातायात को बेहतर विकल्प मिलने से मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होने की उम्मीद है.

गुरुग्राम में चमकेगी सर्विस रोड
मानसून के दौरान जलभराव की समस्या को रोकने के लिए बेहतर ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा. वर्षा जल निकासी को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक स्थानों पर ग्रीन बेल्ट का स्तर सड़क से नीचे किया जाएगा ताकि बारिश का पानी आसानी से ड्रेनेज नेटवर्क तक पहुंच सके और सड़क पर जलभराव न हो. जीएमडीए परियोजना के तहत फुटपाथों की मरम्मत और सुधार का कार्य भी करेगा.
6 महीने में होगा काम पूरा
जीएमडीए ने सेक्टर 1 से 23 तक अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली सड़कों के वार्षिक रखरखाव कार्य भी आवंटित किए हैं. इन कार्यों के तहत सड़कों की नियमित निगरानी, आवश्यक मरम्मत और समयबद्ध रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा. इससे पैदल यात्रियों को सुरक्षित आवाजाही की सुविधा मिलेगी. कॉरिडोर के सुंदरीकरण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क किनारे ग्रिल भी लगाई जाएंगी.