चंडीगढ़ | हरियाणा में सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया. हिसार और सिरसा समेत कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार पंजाब के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में 26 जून तक मौसम खराब रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और जींद जिलों के लिए चेतावनी जारी की है.

विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही, कई स्थानों पर गरज- चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई गई है.
हरियाणा मौसम अपडेट
बुधवार सुबह प्रदेश के न्यूनतम तापमान में औसतन 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है. सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, अंबाला में 27.7 डिग्री, हिसार में 26.1 डिग्री, करनाल में 26 डिग्री, रोहतक में 26.2 डिग्री और चंडीगढ़ में 26.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. दूसरी ओर प्रदेश में अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है. पिछले 24 घंटों के दौरान हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई जो सामान्य से नीचे है.
धूल भरी हवाएं चलने की आशंका
राज्य में सबसे अधिक तापमान रोहतक में 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा, सिरसा में 38.2 डिग्री और गुरुग्राम में 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. वहीं, सोनीपत में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा जिससे रात का मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा. चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 26 जून तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील रहेगा. इस दौरान हवाओं की दिशा में बदलाव होगा और बीच- बीच में आंशिक बादल छाए रहेंगे. पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से कई स्थानों पर तेज धूल भरी हवाएं चलने और गरज- चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
दोनों दिशाओं से मानसून सक्रिय
अगले 3 से 4 दिनों में मानसून मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है. आमतौर पर इन राज्यों से आगे बढ़ते हुए मानसून हरियाणा पहुंचता है. कई बार मानसून राजस्थान के रास्ते भी प्रदेश में दस्तक देता है. दोनों दिशाओं से मानसून सक्रिय होने पर अच्छी बारिश की संभावना रहती है. पिछले साल मानसून ने 24 जून को हरियाणा के कुछ हिस्सों में दस्तक दी थी और 29 जून तक पूरे प्रदेश को कवर कर लिया था. इस बार मानसून के जुलाई के दूसरे सप्ताह की शुरुआत तक हरियाणा पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. आंकड़ों के अनुसार, जून महीने में अब तक हरियाणा में सामान्य से 6 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है.