1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाना होगा महंगा, सरकार ने बढ़ाई फीस; जानें नया रेट

नई दिल्ली | 1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाना और री- इश्यू कराना महंगा हो जाएगा. केंद्र सरकार ने पासपोर्ट सेवाओं की फीस बढ़ाने का फैसला किया है. विदेश मंत्रालय की ओर से पासपोर्ट रूल्स, 1980 में संशोधन के बाद नई शुल्क दरों का गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है. नई दरें 1 जुलाई से लागू होंगी. पासपोर्ट फीस में यह बढ़ोतरी करीब 14 साल बाद की गई है. इससे पहले 2012 में शुल्क में बदलाव किया गया था. नई व्यवस्था के तहत, 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 1,500 रुपए से बढ़ाकर 2,500 रुपए कर दी गई है.

passport

तत्काल पासपोर्ट के लिए अब 5,000 रुपए देने होंगे, जबकि पहले इसकी फीस 3,500 रुपए थी. इसी तरह 60 पेज वाले पासपोर्ट की सामान्य फीस 2,000 रुपए से बढ़कर 3,500 रुपए और तत्काल श्रेणी की फीस 4,000 रुपए से बढ़कर 6,000 रुपए हो जाएगी.

पासपोर्ट बनवाना होगा महंगा

सरकार ने केवल नए पासपोर्ट की फीस ही नहीं बढ़ाई है, बल्कि खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट, पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (PCC) और सरेंडर सर्टिफिकेट जैसी सेवाओं के शुल्क में भी बढ़ोतरी की है. यदि 36 पेज का पासपोर्ट खो जाता है या खराब हो जाता है, तो नॉर्मल प्रोसेसिंग के तहत नया पासपोर्ट बनवाने के लिए 5,000 रुपए देने होंगे. वहीं, तत्काल सेवा लेने पर यह शुल्क 7,500 रुपए होगा. इसी तरह 60 पेज वाले रिप्लेसमेंट पासपोर्ट के लिए सामान्य श्रेणी में 6,000 रुपए और तत्काल सेवा में 8,500 रुपए फीस तय की गई है.

जानें नया रेट

नाबालिग आवेदकों के लिए भी रिप्लेसमेंट पासपोर्ट की नई फीस लागू होगी. यदि किसी बच्चे का 36 पन्नों का पासपोर्ट खो जाता है या डैमेज हो जाता है, तो सामान्य श्रेणी में नया पासपोर्ट बनवाने के लिए 4,250 रुपए देने होंगे. वहीं तत्काल सेवा के जरिए पासपोर्ट बनवाने पर 6,750 रुपए शुल्क देना होगा. हालांकि, फीस बढ़ाई गई है लेकिन पासपोर्ट की वैधता में कोई बदलाव नहीं किया गया है. वयस्कों के लिए जारी होने वाले पासपोर्ट पहले की तरह 10 साल तक वैध रहेंगे. वहीं, नाबालिगों के पासपोर्ट की वैधता 5 साल या 18 वर्ष की आयु पूरी होने तक जो भी पहले हो, लागू रहेगी.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.