चंडीगढ़ | हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ के अनुसार, प्रदेश में 30 जून तक अलग- अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके बाद, कई क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ने के संकेत हैं. मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 27 जून को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

27 जून तथा 29 जून से 1 जुलाई के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज- चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का भी अनुमान है.
हरियाणा में मौसम का अपडेट
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें. खेतों में काम करने वाले किसानों और सड़क पर यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. शनिवार सुबह नारनौल में आसमान में हल्के बादल छाए रहे और हल्की हवाएं चलने से मौसम में कुछ बदलाव महसूस किया गया. उधर, शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार, यह तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रोहतक में 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
कई जिलों में बारिश का अलर्ट
अंबाला में 41.6 डिग्री, हिसार में 41.3 डिग्री, करनाल में 41.2 डिग्री, भिवानी में 41 डिग्री, गुरुग्राम में 40 डिग्री और नारनौल में 38 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. तापमान अधिक रहने के बावजूद बादलों की आवाजाही और संभावित बारिश के कारण आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.. हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. बारिश के बावजूद वातावरण में उमस बनी रह सकती है.
विभाग ने किसानों और आम लोगों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है. साथ ही, तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने और वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गई है.