चंडीगढ़ | हरियाणा में रविवार को मौसम का मिला- जुला असर देखने को मिल रहा. एक ओर प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव की स्थिति बनी हुई है, तो वहीं दूसरी ओर कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी नजर आ रही है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद, तापमान में गिरावट आने के संकेत हैं.

मौसम विभाग ने आज अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह (मेवात) और पलवल में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी होने पर ही बाहर जाने की सलाह दी गई है.
हरियाणा मौसम अपडेट
प्रदेश के कई जिलों में राहत मिलने की भी उम्मीद है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद और चरखी दादरी में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बारिश से गर्मी और उमस से आंशिक राहत मिलने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार 1 जुलाई तक प्रदेश के अलग- अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. इसके बाद, 2 जुलाई से वर्षा गतिविधियों में और तेजी आने के संकेत हैं.
बारिश की संभावना
जुलाई के पहले सप्ताह में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि 1 जुलाई से कई जिलों में गरज- चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. किसानों और आम लोगों को मौसम के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
उमस बरकरार
शनिवार को भी प्रदेश में गर्मी का असर बना रहा. अधिकतम तापमान सामान्य से औसतन 3.7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. भिवानी सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा हिसार में 41.4, अंबाला में 41, करनाल में 40.4, चंडीगढ़ में 40.7 और नारनौल में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. फिलहाल, गर्मी और उमस बनी रहेगी लेकिन जुलाई के पहले सप्ताह से बारिश बढ़ने के साथ लोगों को राहत मिल सकती है.