गुरुग्राम में चलती बोलेरो के बोनट पर बैठकर युवक ने किया खतरनाक स्टंट, VIDEO वायरल

गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम के एमजी रोड पर स्टंटबाजी का एक खतरनाक मामला सामने आया है. सहारा मॉल के सामने सर्विस लेन पर एक युवक चलती महिंद्रा बोलेरो के बोनट पर बैठकर जानलेवा स्टंट करता नजर आया. इस घटना का वीडियो मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि काले रंग की महिंद्रा बोलेरो तेज रफ्तार से सड़क पर दौड़ रही है जबकि एक युवक उसके बोनट पर बैठा हुआ है. बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने और ज्यादा लाइक व व्यूज पाने के लिए यह खतरनाक स्टंट किया गया.

Gurugram Stunt

इस दौरान स्टंट करने वाले युवक की जान खतरे में थी. साथ ही, सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी दांव पर लगी हुई थी. जिस सर्विस लेन पर यह घटना हुई वहां सहारा मॉल, पब, बार और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान होने के कारण दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है.

गुरुग्राम में खतरनाक स्टंट

वीडियो में वाहन चालक भी लापरवाही से गाड़ी चलाता दिखाई दे रहा है. तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे स्टंट सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं. एमजी रोड गुरुग्राम के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल है, जहां पुलिस की नियमित निगरानी रहती है.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम के राजीव चौक पर खत्म जाम का झंझट, NHAI ने फ्लाईओवर का अलाइनमेंट किया मंजूर

वीडियो वायरल

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. वाहन की पहचान की जा रही है और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाली ऐसी हरकतों से बचें. इस तरह की स्टंटबाजी सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.