हरियाणा में पूरी तरह सक्रिय हुआ मानसून, 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी; तेज हवाओं का अनुमान

चंडीगढ़ | हरियाणा में दक्षिण- पश्चिम मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. पिछले दो दिनों (1 और 2 जुलाई) के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून की उत्तरी सीमा अब भिवानी और बठिंडा से होकर गुजर रही है. हालांकि, प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई है लेकिन कुछ जिले अब भी मानसून का इंतजार कर रहे हैं.

barish

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा में पिछले दो दिनों के दौरान औसतन 11.1 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं, 1 जून से 2 जुलाई तक प्रदेश में कुल 40.1 एमएम वर्षा हुई है जबकि इस अवधि में सामान्य औसत 61.3 एमएम होना चाहिए था. अब तक मानसूनी बारिश सामान्य से 33 प्रतिशत कम रही है.

हरियाणा में सक्रिय हुआ मानसून

जिलों की बात करें तो पिछले दो दिनों में सबसे ज्यादा 30.8 एमएम बारिश फतेहाबाद में दर्ज की गई. इसके बाद महेंद्रगढ़ में 27.9 एमएम और हिसार में 20.7 एमएम वर्षा हुई. दूसरी ओर फतेहाबाद से सटा सिरसा जिला पूरी तरह सूखा रहा. नूंह और पलवल में केवल 0.1-0.1 एमएम तथा फरीदाबाद में 0.2 एमएम बारिश दर्ज की गई. गुरुग्राम, जींद और झज्जर में भी 5 एमएम से कम वर्षा हुई. मौसम विभाग ने आज सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और चरखी दादरी को छोड़कर प्रदेश के 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है.

18 जिलों में यलो अलर्ट जारी

पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और भिवानी में गरज- चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. साप्ताहिक आंकड़े भी सामान्य से कम बारिश की तस्वीर दिखा रहे हैं. 26 जून से 2 जुलाई के बीच प्रदेश में 11.9 एमएम बारिश हुई जबकि इस अवधि में सामान्य औसत 21.4 एमएम होना चाहिए था. इस तरह पूरे सप्ताह के दौरान 44 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में बारिश का दौर पड़ा कमजोर, इन 12 जिलों में बूंदाबांदी के आसार

तापमान में गिरावट

मौसम विभाग का अनुमान है कि 3, 4 और 5 जुलाई को पूरे हरियाणा में मानसून और सक्रिय रहेगा. एक- दो स्थानों को छोड़कर अधिकांश जिलों में बारिश, गरज- चमक और तेज हवाओं की संभावना है. उत्तर- पूर्वी और दक्षिणी हरियाणा के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. मानसून सक्रिय होने के साथ तापमान में भी राहत मिली है. प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. सबसे अधिक तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस सिरसा में रिकॉर्ड हुआ. वहीं, अंबाला में 34.5, चंडीगढ़ में 33.6, रोहतक में 32.8, हिसार में 32.3 और करनाल में 30.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.

तेज हवाओं का अनुमान

रात के तापमान में भी गिरावट आई है. औसत न्यूनतम तापमान में 4.5 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई जोकि सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा. सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस महेंद्रगढ़ के नारनौल में रिकॉर्ड किया गया. हिसार में 21.7, रोहतक में 23.2, करनाल में 24.0, चंडीगढ़ में 24.5 और अंबाला में 26.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज होने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.