गुरुग्राम में खत्म होगा घंटों का जाम, दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे तक सफर होगा आसान

गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) को एलिवेटेड बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. बादशाहपुर के पास वाटिका चौक से गांव घाटा मोड़ तक एलिवेटेड रोड के लिए डीपीआर तैयार करने का काम अगले महीने से शुरू होगा. इसके लिए कंसल्टेंट कंपनी नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसे इस महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. सरकार ने पूरे प्रोजेक्ट को वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है.

Elevated Road

हरियाणा सरकार के निर्देश पर गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने SPR को पूरी तरह सिग्नल फ्री बनाने की योजना तैयार की है. यह रोड एक ओर खेड़कीदौला टोल प्लाजा के पास द्वारका एक्सप्रेसवे से जुड़ती है जबकि दूसरी ओर गांव घाटा मोड़ के पास गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड से मिलती है.

दो चरणों में पूरा

प्रोजेक्ट को तेजी और बेहतर तरीके से पूरा करने के लिए इसे दो चरणों में बनाया जाएगा. पहला चरण द्वारका एक्सप्रेसवे से वाटिका चौक तक और दूसरा चरण वाटिका चौक से गांव घाटा मोड़ तक होगा. पहले चरण की डीपीआर पहले ही तैयार की जा चुकी है, जबकि दूसरे चरण के लिए कंसल्टेंट नियुक्त करने की प्रक्रिया जारी है. अगले 10 दिनों में टेंडर खोले जाएंगे और उसके बाद डीपीआर तैयार करने का काम शुरू होगा. GMDA के मुख्य अभियंता प्रवीण चौधरी ने बताया कि सरकार इस परियोजना को लेकर गंभीर है और जल्द से जल्द जमीनी स्तर पर काम शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं.

ट्रैफिक दबाव होगा कम

एलिवेटेड SPR बनने से 30 से अधिक सेक्टरों के साथ- साथ तिघरा, बादशाहपुर, घाटा, समसपुर समेत कई गांवों और आसपास की सोसायटियों में रहने वाले लाखों लोगों को फायदा मिलेगा. इस मार्ग पर 24 घंटे ट्रैफिक का भारी दबाव रहता है. पीक आवर के दौरान कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में एक से दो घंटे तक लग जाते हैं. प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड और दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहन एलिवेटेड रोड का इस्तेमाल करेंगे, जिससे नीचे केवल स्थानीय ट्रैफिक रहेगा और जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी. इसके अलावा वाटिका चौक पर इंटरचेंज भी बनाया जाएगा जिससे SPR से आने वाले वाहन सीधे गुरुग्राम- सोहना हाईवे पर जा सकेंगे.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम में आज CM सैनी की दो बैठकें, जनसमस्याओं से लेकर स्टार्टअप तक होगी चर्चा

प्रोजेक्ट की प्रमुख बातें

  • पहला पैकेज 5 किलोमीटर लंबा होगा.
  • दूसरा पैकेज 8 किलोमीटर लंबा होगा.
  • पहले चरण पर करीब 750 करोड़ रुपये खर्च होंगे.
  • दूसरे चरण पर लगभग 1,200 करोड़ रुपये की लागत आएगी.
  • पूरा SPR कॉरिडोर सिग्नल फ्री बनाया जाएगा.
  • वाटिका चौक पर आधुनिक इंटरचेंज का निर्माण होगा.

व्यवस्था में सुधार

हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि जिस तरह गुरुग्राम- सोहना हाईवे के एलिवेटेड हिस्से से ट्रैफिक में राहत मिली है, उसी तरह SPR के एलिवेटेड होने से भी जाम की समस्या काफी कम होगी और आने वाले दिनों में गुरुग्राम की ट्रैफिक व्यवस्था पहले से बेहतर नजर आएगी.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.