बिजनेस डेस्क | जुलाई की शुरुआत भारतीय शेयर बाजार के लिए शानदार रही है. लगातार चौथे कारोबारी सत्र में बाजार बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 430 अंकों से ज्यादा उछलकर 78,194 के स्तर को पार कर गया जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 24,390 के करीब पहुंच गया. बीते चार कारोबारी दिनों में सेंसेक्स में 1,700 से ज्यादा और निफ्टी में 528 अंकों की तेजी दर्ज की गई है. बाजार के जानकारों का कहना है कि कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतें फिर से युद्ध से पहले के स्तर के करीब पहुंच गई हैं. वहीं, ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत की संभावना और होर्मुज स्ट्रेट के खुले रहने से भी वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल बना है. इसका सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है.
शेयर बाजार में तेजी
सोमवार को सेंसेक्स 430.45 अंकों की बढ़त के साथ 78,194.36 के स्तर तक पहुंच गया. गौरतलब है कि 30 जून को सेंसेक्स 76,478.67 अंक पर बंद हुआ था. यानी केवल चार कारोबारी सत्र में इसमें 1,715.69 अंकों की बढ़त दर्ज की गई. वहीं निफ्टी भी करीब 123 अंकों की तेजी के साथ 24,393.70 के उच्च स्तर तक पहुंचा. चार दिनों में निफ्टी में करीब 528 अंकों का उछाल आया है. बाजार में लगातार तेजी का सबसे बड़ा फायदा निवेशकों को मिला है.
देखें लिस्ट
| तारीख | सेंसेक्स में इजाफा (अंकों में) | निफ्टी में इजाफा (अंकों में) |
|---|---|---|
| 1 जुलाई | 444 | 140 |
| 2 जुलाई | 579 | 170 |
| 3 जुलाई | 262 | 95 |
| 6 जुलाई | 430 | 123 |
निवेशकों की मौज
बीएसई का कुल मार्केट कैप 30 जून को 4,74,09,896.10 करोड़ रुपये था जो 6 जुलाई के कारोबारी सत्र में बढ़कर 4,82,61,060.85 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. केवल चार दिनों में निवेशकों की संपत्ति में 8,51,164.75 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है. केवल 6 जुलाई की बात करें तो एक ही कारोबारी सत्र में निवेशकों की संपत्ति करीब 2,41,066.76 करोड़ रुपये बढ़ गई. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जारी रहती है और वैश्विक हालात सामान्य बने रहते हैं, तो आने वाले दिनों में भारतीय शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है.