गुरुग्राम | साइबर सिटी के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल राजीव चौक को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने यहां दो एलिवेटेड रैंप बनाने का डिजाइन तैयार कर लिया है. परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली, जयपुर और सोहना की ओर आने- जाने वाले वाहनों की आवाजाही काफी आसान हो जाएगी और चौक पर लगने वाला लंबा जाम कम होने की उम्मीद है. योजना के तहत पहला एलिवेटेड रैंप दिल्ली- गुरुग्राम एक्सप्रेसवे से सीधे गुरुग्राम- सोहना हाईवे तक बनाया जाएगा.

दूसरा रैंप गुरुग्राम- सोहना हाईवे से दिल्ली- गुरुग्राम एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा. इससे दिल्ली की ओर से आने वाले वाहन बिना राजीव चौक पर रुके सीधे सोहना हाईवे पर पहुंच सकेंगे. इसी तरह सोहना की तरफ से आने वाले वाहन भी बिना जाम में फंसे सीधे दिल्ली और जयपुर की दिशा में निकल सकेंगे.
ट्रैफिक जंक्शन
राजीव चौक गुरुग्राम का प्रमुख ट्रैफिक जंक्शन है, जहां से शहर के लगभग हर हिस्से के लिए वाहन मिलते हैं. यही वजह है कि यहां दिन-रात भारी ट्रैफिक रहता है. सामान्य परिस्थितियों में जहां चौक पार करने में एक मिनट से भी कम समय लगना चाहिए, वहीं पीक आवर में लोगों को औसतन 25 से 30 मिनट तक जाम में फंसना पड़ता है. कई बार यह समय आधे घंटे से भी ज्यादा हो जाता है.
स्थायी समाधान
NHAI के अनुसार, दिल्ली- गुरुग्राम एक्सप्रेसवे से सोहना हाईवे की ओर जाने वाला एलिवेटेड रैंप ताऊ देवीलाल स्टेडियम के पास से होकर गुजरेगा. जबकि दूसरे रैंप के निर्माण के लिए बीएसएनएल की जमीन की जरूरत होगी. बीएसएनएल जमीन देने के लिए सहमत हो गया है, जिसके बाद परियोजना की अगली प्रक्रिया तेज कर दी गई है. NHAI के परियोजना निदेशक योगेश तिलक ने बताया कि एलिवेटेड रैंप का डिजाइन तैयार हो चुका है. अब लागत का अनुमान तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू हो सके.
मिलेगा राहत
इस परियोजना का एक बड़ा फायदा दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे को भी मिलेगा. फिलहाल, राजीव चौक के जाम की वजह से कई वाहन इस एक्सप्रेसवे का उपयोग करने से बचते हैं. एलिवेटेड रैंप बनने के बाद ट्रैफिक का दबाव कम होगा और दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल भी बढ़ेगा. उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि यह परियोजना गुरुग्राम की सबसे बड़ी ट्रैफिक समस्याओं में से एक का स्थायी समाधान साबित होगी.