गुरुग्राम में जलभराव की शिकायत अब WhatsApp पर करें, जारी किया गया 24×7 हेल्पलाइन नंबर

गुरुग्राम | मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से जूझ रहे नागरिकों को त्वरित राहत देने के लिए नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने विशेष हेल्पलाइन नंबर 9821395354 जारी किया है. अब लोग इस नंबर पर कॉल करने के साथ- साथ WhatsApp के माध्यम से भी जलभराव की सूचना भेज सकेंगे. शिकायत मिलते ही उसे मानसून मैनेजमेंट सेल (MMC) के कॉल सेंटर से संबंधित क्षेत्र की फील्ड टीम तक तुरंत पहुंचाया जाएगा ताकि मौके पर जल्द कार्रवाई की जा सके.

WhatsApp 2

नगर निगम का मानसून मैनेजमेंट सेल सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे सक्रिय रहकर शहर में बारिश और जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है. कॉल सेंटर में तैनात कर्मचारी नागरिकों से मिलने वाली शिकायतों, फील्ड टीमों की रिपोर्ट और शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे CCTV कैमरों के जरिए हालात की निगरानी कर रहे हैं.

कार्रवाई में तेजी

अधिकारियों के अनुसार, जैसे ही हेल्पलाइन पर किसी जलभराव की सूचना मिलती है कॉल सेंटर कर्मचारी शिकायत का पूरा विवरण संबंधित क्षेत्र में तैनात फील्ड टीम के साथ साझा करते हैं. इसके बाद, टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर जलनिकासी और राहत कार्य शुरू करती है. नगर निगम ने मानसून को देखते हुए शहर के अलग- अलग क्षेत्रों में इंजीनियरिंग स्टाफ, फील्ड टीमें और आवश्यक मशीनरी पहले से ही तैनात कर रखी है, ताकि शिकायतों का तेजी से समाधान किया जा सके.

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि शिकायत दर्ज कराते समय जलभराव वाले स्थान की सही लोकेशन और समस्या का संक्षिप्त विवरण जरूर साझा करें. यदि संभव हो तो WhatsApp के माध्यम से फोटो या लोकेशन भेजने से टीम को मौके तक जल्दी पहुंचने में सुविधा होगी और कार्रवाई में तेजी आएगी.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम की अदालतें जल्द होंगी 'टावर ऑफ जस्टिस' में शिफ्ट, हाईकोर्ट का आदेश

24×7 हेल्पलाइन नंबर

मानसून मैनेजमेंट सेल केवल शिकायतों पर ही निर्भर नहीं है. शहर के संवेदनशील इलाकों में लगे CCTV कैमरों के जरिए भी लगातार निगरानी की जा रही है. बारिश शुरू होते ही कॉल सेंटर की टीम अलर्ट मोड में आ जाती है और संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखती है. नगर निगम गुरुग्राम की अतिरिक्त आयुक्त अंकिता चौधरी ने भी मानसून मैनेजमेंट सेल के कॉल सेंटर का निरीक्षण किया. उन्होंने शिकायत प्राप्त होने से लेकर फील्ड टीम तक सूचना पहुंचाने और उसके समाधान की पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की.

Avatar of Puja Kumari
Puja Kumari
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.