दिल्ली में बारिश का इंतजार लंबा, अगले एक हफ्ते उमस; खराब हवा से जूझेंगे लोग

नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली- एनसीआर में मानसून की रफ्तार फिलहाल थम गई है. बारिश पर ब्रेक लगने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. बादलों की आवाजाही और तेज धूप के बीच हालात ऐसे हैं कि बिना एसी राहत मिलना मुश्किल हो गया है. हालांकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है.

Garmi Summer Health Body Hot

सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार दिन में आंशिक बादल छाए रहेंगे, लेकिन तेज धूप भी निकलेगी. अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

18 जुलाई तक नहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग का कहना है कि मानसून कमजोर पड़ने के कारण अगले एक सप्ताह तक अच्छी बारिश की संभावना नहीं है. इसी वजह से 18 जुलाई तक उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. दिन और रात दोनों के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर और बढ़ेगा. पिछले दिनों हुई बारिश से तापमान में कुछ गिरावट आई थी, लेकिन अब एक बार फिर तेज धूप और बढ़ती नमी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. रविवार को सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण उमस महसूस की गई. हालांकि, दोपहर बाद बादल छाने से कुछ राहत जरूर मिली.

यह भी पढ़े -  भारत का ये खूबसूरत द्वीप है पर्यटकों की नई पसंद, भूल जाएंगे मालदीव और अंडमान

दिल्ली की हवा भी खराब

गर्मी के साथ राजधानी की वायु गुणवत्ता भी चिंता का विषय बनी हुई है. सोमवार सुबह 9 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 299 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. वहीं, एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा की गुणवत्ता खराब से मध्यम श्रेणी के बीच बनी हुई है. विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल वायु गुणवत्ता में किसी बड़े सुधार की संभावना नहीं दिख रही है. मानसून की गतिविधियां तेज होने तक दिल्ली-एनसीआर के लोगों को उमस, गर्मी और खराब हवा तीनों का सामना करना पड़ सकता है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.