हरियाणा में फिर बढ़ेगी गर्मी की मार, 15 जिलों के लिए उमस का अलर्ट; जानें कब लौटेगी बारिश

चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है. इसके साथ ही, गर्मी ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. बादलों की आवाजाही के बावजूद तेज धूप और उमस ने अधिकांश जिलों में लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. मौसम विभाग ने बुधवार के लिए राज्य के 15 जिलों में गर्म और उमस भरे मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है. इनमें हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ (नारनौल), जींद, सोनीपत, रोहतक, पलवल, नूंह, फरीदाबाद और गुरुग्राम शामिल हैं.

weather barish 1

मंगलवार शाम को रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ समेत कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ तेज बारिश हुई जिससे लोगों को कुछ समय के लिए गर्मी और उमस से राहत मिली. इसके बावजूद, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम गर्म बना हुआ है. नमी अधिक होने के कारण उमस लगातार लोगों को परेशान कर रही है.

हरियाणा मौसम अपडेट

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, 14 जुलाई से 17 जुलाई तक दक्षिणी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से गर्म और उमस भरा रहेगा. इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जरूर है लेकिन इससे तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. मौसम विभाग का कहना है कि लोगों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस दोनों का सामना करना पड़ सकता है. पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 जुलाई से मौसम में बदलाव शुरू होगा. मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे बढ़ेंगी. 19 और 20 जुलाई को हरियाणा के कई जिलों में मानसून दोबारा सक्रिय होने की संभावना है. इस दौरान कई स्थानों पर अच्छी बारिश और कुछ इलाकों में भारी वर्षा भी हो सकती है.

यह भी पढ़े -  राम रहीम हिंसा केस में बड़ा फैसला, हाई कोर्ट ने 4 आरोपियों को दी राहत; सरकार की अपील खारिज

उमस का अलर्ट

तापमान की बात करें तो मंगलवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में केवल 0.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई. इसके बावजूद, यह सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. सबसे अधिक तापमान भिवानी में 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, रोहतक में अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री और पलवल में 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दिनभर तेज धूप और उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी. रात के तापमान में भी बहुत ज्यादा राहत नहीं मिली.

जानें कब लौटेगी बारिश

औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की हल्की गिरावट दर्ज हुई, जो सामान्य के आसपास रही. सबसे कम न्यूनतम तापमान सोनीपत में 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, फरीदाबाद में रात का तापमान 29.3 डिग्री और चरखी दादरी में 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी और उमस के दौरान पर्याप्त पानी पीने, धूप में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और मौसम विभाग की ओर से जारी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है. 19 जुलाई के बाद मानसून के दोबारा सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम राहत भरा होने की उम्मीद है.

Avatar of Puja Kumari
Puja Kumari
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.