गुरुग्राम | शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल अंबेडकर चौक पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने यहां करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. प्राधिकरण ने परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं. लगभग 900 मीटर लंबे चार लेन के द्विदिशीय फ्लाईओवर का निर्माण 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है. प्रस्तावित फ्लाईओवर अंबेडकर चौक पर आरडी सिटी रोड और सोहना रोड के बीच बिना किसी ट्रैफिक सिग्नल के सुचारु आवाजाही करेगा. इससे इस व्यस्त चौराहे पर वाहनों की लंबी कतारों और रोजाना लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है.

परियोजना के तहत फ्लाईओवर के दोनों ओर दो-दो लेन की सर्विस रोड भी विकसित की जाएंगी, ताकि स्थानीय यातायात सामान्य रूप से चलता रहे और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
बदलाव संभव
फुटपाथ, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित सुविधाएं, वर्षा जल निकासी व्यवस्था, क्रैश बैरियर, रोड साइन, रोड मार्किंग, यूटिलिटी शिफ्टिंग और सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य जरूरी कार्य भी इस परियोजना में शामिल किए गए हैं. GMDA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने बताया कि भविष्य में बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर की डिजाइन तैयार की गई है. इसमें अंडरपास निर्माण का भी प्रविधान रखा गया है. यदि आने वाले वर्षों में यातायात का दबाव बढ़ता है तो बिना फ्लाईओवर में बड़े बदलाव किए अंडरपास का निर्माण किया जा सकेगा.
उन्होंने कहा कि इस योजना को शहर की दीर्घकालिक यातायात जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इससे भविष्य में समय और लागत दोनों की बचत होगी और अतिरिक्त निर्माण कार्य में भी आसानी रहेगी.
संपर्क होगा बेहतर
पीसी मीणा के अनुसार GMDA शहर के प्रमुख ट्रैफिक जाम वाले चौराहों पर चरणबद्ध तरीके से ग्रेड सेपरेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रहा है. अंबेडकर चौक फ्लाईओवर बनने के बाद पूर्व और पश्चिम गुरुग्राम के बीच कनेक्टिविटी पहले से अधिक मजबूत होगी. साथ ही लोगों को सुरक्षित, तेज और सुगम यातायात सुविधा मिलेगी. फ्लाईओवर बनने से आरडी सिटी, साउथ सिटी-2, मालिबू टाउन, मेफील्ड गार्डन, निर्वाणा कंट्री, सुशांत लोक-2 और 3, सेक्टर-45, 46, 50, 51, 52 और 57 के हजारों निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा. सोहना रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों का सफर भी पहले की तुलना में अधिक तेज और आसान हो जाएगा.