चंडीगढ़ | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का लाइव प्रसारण हरियाणा के सभी 21 जिलों में किया जाएगा. इसके लिए भाजपा और हरियाणा सरकार ने जिला स्तर पर विशेष कार्यक्रमों की तैयारी पूरी कर ली है. हर जिले में मंत्री, सांसद या वरिष्ठ भाजपा नेताओं को मुख्य अतिथि बनाया गया है.

इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पांच बागी विधायकों को भी जिला स्तरीय मंचों पर जगह दी गई है. इसे भाजपा की ओर से बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है. पार्टी ने इन नेताओं को सार्वजनिक कार्यक्रमों में प्रमुख भूमिका देकर उनके प्रति भरोसा जताने के संकेत दिए हैं.
पार्टी में शामिल
भाजपा ने अंबाला जिले में शैली चौधरी, यमुनानगर में रेनू बाला, नूंह में मोहम्मद इलियास, पलवल में मोहम्मद इसराइल और फतेहाबाद में जरनैल सिंह को कार्यक्रमों में शामिल किया है. ये सभी नेता पहले कांग्रेस से जुड़े रहे थे और राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे.
ऐतिहासिक पल
जिला स्तर पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में संबंधित जिले के मंत्री, सांसद, भाजपा विधायक, जिला परिषद अध्यक्ष, महापौर और भाजपा जिला अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे. पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की भी तैयारी की गई है. जींद से होने वाले इस कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को रवाना करेंगे. इसी के साथ प्रदेशभर में आयोजित लाइव कार्यक्रमों के जरिए इस ऐतिहासिक पल से लोगों को जोड़ने की तैयारी की गई है.