गुरुग्राम | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज गुरुग्राम दौरे पर रहेंगे. उनका यह दौरा राजनीतिक, प्रशासनिक और पर्यावरणीय दृष्टि से अहम माना जा रहा है. दिनभर वे संगठनात्मक बैठकों से लेकर विकास कार्यों और दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर होने वाली हाई- लेवल बैठकों में हिस्सा लेंगे. दौरे की शुरुआत भाजपा कार्यालय से होगी, जहां संगठन की मजबूती और ‘SIR’ को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है.

इस बैठक में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहेंगे. बैठक के दौरान संगठनात्मक रणनीति के साथ प्रदेश के विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है.
कार्यों की समीक्षा
मुख्यमंत्री प्रशासनिक अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ गुरुग्राम के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे. बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे, चल रही परियोजनाओं और क्षेत्रीय समस्याओं पर विस्तार से मंथन किया जाएगा. अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी ली जाएगी. शाम को दिल्ली- NCR में लगातार गंभीर हो रहे वायु प्रदूषण को लेकर आपातकालीन हाई- लेवल बैठक होगी. इसकी अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और मंत्री राव नरबीर सिंह भी इसमें शामिल होंगे.
ये लोग होंगे शामिल
बैठक में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA), नगर निगम गुरुग्राम, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी और पर्यावरण विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे. मानसून के बाद सर्दियों में बिगड़ने वाली हवा की गुणवत्ता, औद्योगिक उत्सर्जन, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और प्रदूषण नियंत्रण के प्रभावी उपायों पर विस्तृत चर्चा होगी. मुख्यमंत्री के इस दौरे से गुरुग्राम के विकास कार्यों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई अहम फैसले सामने आने की उम्मीद है.