कुरुक्षेत्र में CM सैनी का ऐलान, अंत्योदय मेलों से सीधे मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ

कुरुक्षेत्र | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर से राहत दिलाकर पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि अंत्योदय मेले गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का अभियान हैं. सरकार जरूरत और क्षमता के आधार पर पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ रही है. मुख्यमंत्री ने रविवार को कुरुक्षेत्र के लाडवा स्थित इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज में आयोजित अंत्योदय मेले को संबोधित किया.

CM Nayab Singh Saini

कार्यक्रम से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना. इसके बाद, लाडवा के गोविंदपुरा निवासी ताराचंद को स्ट्रीट वेंडर निधि योजना के तहत अलॉटमेंट लेटर सौंपा.

कुरुक्षेत्र में CM सैनी

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने युवाओं से केवल सरकारी नौकरी की सोच तक सीमित न रहने और रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि कौशल विकास और स्वरोजगार से जुड़ी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं. सरकार उनके सपनों को पूरा करने के लिए हर संभव सहयोग दे रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशभर के प्रेरणादायक लोगों को पहचान दिलाने का मंच बन चुका है. इससे युवाओं, किसानों, महिलाओं और समाज के अन्य वर्गों को नवाचार, मेहनत और समाजसेवा के लिए प्रेरणा मिलती है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा के CM नायब सैनी का लाडवा दौरा, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से करेंगे संवाद

अंत्योदय परिवार उत्थान योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के माध्यम से सरकार गरीब परिवारों तक खुद पहुंच रही है. अब केवल आवेदन लेने तक सीमित रहने के बजाय परिवारों की आय, क्षमता और जरूरत के अनुसार उन्हें योजनाओं से जोड़ा जा रहा है. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए बताया कि लाडवा पहुंचने से पहले यमुनानगर में नशा विरोधी मैराथन का आयोजन किया गया. उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हें अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगानी चाहिए.

मुख्यमंत्री ने कारगिल विजय दिवस का भी उल्लेख किया और देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के साहस और बलिदान को नमन किया. उन्होंने कहा कि पूरा देश सैनिकों के योगदान का ऋणी है और युवाओं को राष्ट्रसेवा व जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.