फरीदाबाद | बृहस्पतिवार से शुरू होने जा रही कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने अपनी सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं. पूरे कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी. इसके लिए करीब 2000 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग जगहों पर तैनात किया गया है, और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त फोर्स भी तुरंत भेजी जा सकेगी. पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर तैयार किए गए विशेष सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्लान के तहत पुलिस उपायुक्त यातायात जयवीर राठी को पूरी यात्रा का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है.

डीसीपी मुख्यालय, एनआईटी, बल्लभगढ़ और सेंट्रल अपने- अपने इलाकों में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की निगरानी करेंगे. सुरक्षा को और पुख्ता करने के मकसद से 25 से ज्यादा जगहों पर खास नाकाबंदी की जाएगी.
फरीदाबाद पुलिस अलर्ट
इनमें दुर्गा बिल्डर, आगरा कैनाल मार्ग, सेहतपुर पल्ला पुल, पल्ला पुल, एत्मादपुर पुल, सेक्टर- 28/29 पुल, खेड़ी पुल, सेक्टर- 17 पुल, सेक्टर- 14 पुल, बीपीटीपी पुल, बड़ौली पुल, सेक्टर- 8 पुल, तिगांव पुल, आईएमटी पुल, चंदावली पुल, सुनपेड़ पुल, जाट चौक, मलेरना चौक, जाजरू चौक, शाहपुरा कलां, शाहपुरा मोड़, डीग पुल, प्याला मोड़, सीकरी चौकी और कैली बाईपास जैसी जगहें शामिल हैं. कांवड़ियों की सुविधा के लिए पुलिस ने तीन अलग- अलग रूट तय किए हैं. पहला रूट कालिंदी कुंज दिल्ली से एमसीडी टोल होते हुए आगरा कैनाल किनारे जाएगा.
मोबाइल पुलिस पार्टियां भी तैनात
दूसरा रूट बदरपुर बॉर्डर से आउटर बाईपास के रास्ते और तीसरा रूट बदरपुर बॉर्डर से नेशनल हाईवे के जरिए निर्धारित किया गया है. इन तीनों मार्गों पर संबंधित थाना पुलिस लगातार गश्त करेगी जबकि केजीपी एक्सप्रेसवे पर अलग से मोबाइल पुलिस पार्टियां भी तैनात रहेंगी.
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा का खास ध्यान रखते हुए यात्रा मार्ग, प्रमुख विश्राम स्थलों और कांवड़ शिविरों में महिला पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है. इसके अलावा थाना पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, क्राइम ब्रांच, महिला पुलिस, ईआरवी और राइडर टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वेट टीमें भी पूरी तरह तैयार रहेंगी. वहीं, क्राइम ब्रांच की टीमें सादा वर्दी में मार्ग पर तैनात होकर असामाजिक तत्वों पर नजर बनाए रखेंगी. पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल भी 24 घंटे सक्रिय रहेगी और भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट, वीडियो या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.