ज्योतिष डेस्क | हरियाली तीज के त्योहार को लेकर शहर के बाजार पूरी तरह सज चुके हैं. महिलाओं में खरीदारी का उत्साह चरम पर है और इस बार पारंपरिक परिधानों के साथ मॉडर्न एथनिक फैशन का ट्रेंड सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है. बुटीक, शोरूम और कपड़ों की दुकानों पर सुबह से देर शाम तक खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है. इस बार प्लाजो सेट, फेस्टिव कुर्ता सेट, स्ट्रेट कट कुर्ते, फारसी सलवार, बलून पैंट, कॉर्ड सेट और प्री-ड्रेप्ड साड़ियां महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई हैं.

चंदेरी फैब्रिक, ट्रांसपेरेंट महीन कपड़े और हल्की चमक वाले वस्त्रों से तैयार परिधानों की मांग भी काफी बढ़ी है. आरामदायक होने के साथ ये आउटफिट्स स्टाइलिश लुक भी दे रहे हैं.
तीज से पहले बाजारों में रौनक
डिजाइन और कढ़ाई की बात करें तो भारी एंब्रॉयडरी की जगह इस बार फ्लोरल पैटर्न, गोटा- पट्टी की महीन कारीगरी, शीशे की जड़ाई और आकर्षक बुनावट वाले परिधान ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं. कपड़ों के साथ ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी, कुंदन सेट, रंग- बिरंगी चूड़ियां, झुमके, पोटली बैग और मेहंदी की बिक्री में भी अच्छी तेजी देखने को मिल रही है. फैशन डिजाइनर इशिता अग्रवाल के मुताबिक इस बार हरियाली तीज पर हल्के और ग्रेसफुल लुक वाले एथनिक परिधानों की मांग सबसे अधिक है.
पिस्ता ग्रीन, सेज ग्रीन, मेहंदी ग्रीन और सॉफ्ट ग्रीन जैसे रंग ट्रेंड में हैं. प्लाजो सेट, ड्रेप स्कर्ट, प्री- ड्रेप्ड साड़ियां और एलिगेंट केप्स पारंपरिक परिधानों को आधुनिक अंदाज दे रहे हैं.
सीजन की खास पसंद
फैशन डिजाइनर कीर्ति खंडेलवाल ने बताया कि स्ट्रेट कट कुर्ता, फारसी सलवार, बलून पैंट, शॉर्ट कुर्ते, कॉर्ड सेट और धोती स्टाइल सलवार इस सीजन की खास पसंद बने हुए हैं. महिलाएं ऐसे परिधानों को प्राथमिकता दे रही हैं जो फैशनेबल होने के साथ लंबे समय तक पहनने में आरामदायक भी हों. तीज नजदीक आने के साथ खरीदारी में अभी और तेजी आने की उम्मीद है.