हिसार | हरियाणा की भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता आज हिसार पहुंचेंगी. उनके दौरे की शुरुआत हांसी में स्वागत समारोह से होगी. इसके बाद दोपहर में हिसार स्थित भाजपा कार्यालय में 7 जिलों के मंडल अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. बैठक में पार्टी संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा होगी. अर्चना गुप्ता हिसार में पिछले दिनों 11 मंडल अध्यक्षों के सामूहिक इस्तीफे के मुद्दे पर भी चर्चा कर सकती हैं.

प्रदेशाध्यक्ष के दौरे से पहले पार्टी में डैमेज कंट्रोल की कोशिशें तेज हो गई हैं. बुधवार को दो मंडल अध्यक्षों ने अपना इस्तीफा वापस लेने का ऐलान किया था. हालांकि, संभावना है कि अर्चना गुप्ता हिसार के मंडल अध्यक्षों से अलग से भी बातचीत करेंगी.
82 मंडल अध्यक्ष होंगे शामिल
भाजपा कार्यालय में होने वाले सम्मेलन में हिसार, भिवानी, चरखी-दादरी, हांसी, डबवाली, फतेहाबाद और सिरसा के संगठनात्मक पदाधिकारी शामिल होंगे. इन जिलों से 82 मंडल अध्यक्ष अपनी रिपोर्ट के साथ बैठक में पहुंचेंगे. इनके अलावा 82 मंडल प्रभारी, भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ चुके प्रत्याशी और स्थानीय पार्टी नेता भी मौजूद रहेंगे. हरियाणा की पंजाब से सटी बेल्ट फतेहाबाद, सिरसा और डबवाली के मंडल अध्यक्षों की मौजूदगी को अहम माना जा रहा है. बैठक में पंजाब चुनाव को लेकर भी मंथन होने की संभावना है. इन जिलों के पार्टी पदाधिकारियों को पंजाब चुनाव के मद्देनजर विशेष जिम्मेदारियां सौंपे जाने के संकेत हैं.
📍 हांसी के सागर रत्ना होटल में पहुँचने पर माननीय कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा जी द्वारा आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उनके स्नेह, सम्मान एवं आत्मीयता के लिए हृदय से आभार। 🙏🌸 pic.twitter.com/cAKgFsSO18
— Dr. Archana Gupta (@bjparchanagupta) August 8, 2026
प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता के साथ मंच पर नवनियुक्त महामंत्री गोपाल शर्मा मौजूद रहेंगे. दूसरे नवनियुक्त महामंत्री वेद फुला के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है. पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, जिलाध्यक्ष आशा खेदड़ समेत अन्य स्थानीय नेता भी बैठक में मौजूद रहेंगे.
काम की होगी समीक्षा
बैठक में मुख्य रूप से दो एजेंडों पर चर्चा होगी. पहला, हिसार और आसपास के क्षेत्रों में संगठन द्वारा किए गए जमीनी कार्यों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की सफलता को लेकर रणनीति तैयार करना है. दूसरा, पंजाब चुनाव को देखते हुए सीमा से सटे जिलों के पदाधिकारियों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर चर्चा करना है.