फरीदाबाद | स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) को देखते हुए फरीदाबाद के मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. इसके चलते दिल्ली की तरफ मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को अगले कुछ दिनों में सामान्य से ज्यादा समय लग सकता है. रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है. सुरक्षा व्यवस्था के तहत 9 से 16 अगस्त तक मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की कड़ी जांच की जाएगी.

प्रवेश द्वार पर यात्रियों की तलाशी के साथ उनके बैग और सामान की भी जांच होगी. इसके अलावा, प्लेटफॉर्म और यात्रियों की आवाजाही वाले हिस्सों में सीआईएसएफ के जवान लगातार निगरानी रखेंगे.
फरीदाबाद में बढ़ी सुरक्षा
वायलेट लाइन पर सराय से राजा नाहर सिंह स्टेशन के बीच फरीदाबाद में कुल 10 मेट्रो स्टेशन हैं. स्वतंत्रता दिवस से पहले इन सभी स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है. सुरक्षाकर्मियों को स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं. सघन सुरक्षा जांच के कारण पीक आवर्स में यात्रियों को स्टेशन के अंदर प्रवेश करने में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक समय लग सकता है. ऐसे में मेट्रो यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा के लिए कुछ अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें ताकि ट्रेन छूटने या जरूरी काम प्रभावित होने की स्थिति न बने.
सहयोग की अपील
डीएमआरसी के संचार विभाग के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है. उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे सुरक्षा जांच में जवानों का सहयोग करें और मेट्रो से सफर के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें.