न मैकलेरन खरीदी, न करोड़ों खर्च किए… 8 लाख में बना दी ऐसी कांवड़ कि सड़क पर लग गई भीड़

नई दिल्ली | कांवड़ यात्रा में इस बार श्रद्धा के साथ अनोखे अंदाज भी देखने को मिल रहे हैं. मैकलेरन स्पोर्ट्स कार जैसी कांवड़ दिल्ली पहुंची तो इसे देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुट गई. करीब 8 लाख रुपए की लागत से तैयार इस कांवड़ में मैकलेरन स्पोर्ट्स कार के ऊपर भोले बाबा की आकर्षक झांकी बनाई गई है. छह दोस्तों की टोली हरिद्वार से गंगाजल लेकर करीब 225 किलोमीटर का सफर तय कर दिल्ली पहुंची है. मैकलेरन स्पोर्ट्स कार की कीमत करीब 5.5 करोड़ रुपए से शुरू होती है.

Kanwar Yatra Delhi

इस अनोखी कांवड़ ने हरिद्वार से दिल्ली तक रास्ते में लोगों का ध्यान खींचा. अलग-अलग जगहों पर टोली को एक दर्जन से अधिक पुरस्कार भी मिले, जिन्हें कांवड़ पर सजाया गया है. कांवड़ के पास पहुंचकर लोग वीडियो और रील बनाते नजर आए.

6 दोस्तों ने मिलकर तैयार की कांवड़

इस टोली में दीपक शर्मा टेंपो कारोबार, प्रशांत त्यागी प्राॅपर्टी डीलिंग, मोहित शर्मा बैटरी रिक्शा कारोबार, सौरभ पंडित ब्लिंकिट, बंटी इंटीरियर डिजाइनिंग और रमन गहलोत व्लॉगिंग से जुड़े हैं. अलग- अलग काम होने के बावजूद सभी दोस्तों ने सावन में साथ कांवड़ यात्रा करने का फैसला किया. दीपक शर्मा ने बताया कि इस बार कुछ अलग करने का विचार था. पहले नंदी महाराज पर बाबा को विराजमान कर कांवड़ लाने की योजना थी लेकिन बाद में मैकलेरन स्पोर्ट्स कार के रूप में कांवड़ तैयार कराने का फैसला किया गया. इसे तैयार करने में करीब दो से ढाई महीने लगे और लगभग आठ लाख रुपए खर्च हुए.

यह भी पढ़े -  सोना- चांदी छोड़ नाग, त्रिशूल और डमरू ही क्यों धारण करते हैं महादेव? जानें रहस्य

गंगा की झांकी बनी आकर्षण

कांवड़ में बाबा की जटाओं से निकलती करीब 10 फीट ऊंची गंगा की झांकी बनाई गई है. कार के आगे बजरंगबली को बाबा का चालक बनाया गया है. वहीं, कार पर ‘महाकाल’ की नंबर प्लेट लगाई गई है. आकर्षक रोशनी और सजावट ने कांवड़ की भव्यता और बढ़ा दी. दिल्ली पहुंचने पर युवाओं और बच्चों में इसके साथ सेल्फी लेने की होड़ दिखी. कई लोग सड़क पर रुककर झांकी देखने लगे. अब 6 दोस्तों की टोली कांवड़ लेकर उत्तम नगर पहुंचेगी, जहां गंगाजल चढ़ाया जाएगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.