हरियाणा में दो दिन कमजोर रहेगा मानसून, 14- 15 अगस्त को फिर तेज बारिश के आसार

हिसार | हरियाणा में मानसून की गतिविधियों में अगले दो दिन कमी रहने की संभावना है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहेंगे. गुरुवार को बारिश का दायरा और सीमित होने की संभावना है और कुछ ही स्थानों पर छिटपुट बौछारें पड़ सकती हैं.

Barish Weather Mausam

14 और 15 अगस्त को मानसून फिर सक्रिय होगा. इस दौरान प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अच्छी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

हरियाणा में आज बारिश के आसार

आईएमडी के अनुसार बुधवार को महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, चरखी दादरी और भिवानी में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बारिश के चलते इन इलाकों में तापमान में भी राहत मिलने की संभावना है.

इससे पहले यमुनानगर में तेज बारिश के बाद कई जगह जलभराव की स्थिति बनी थी. मटका चौक पर भी बारिश का पानी जमा हो गया था.

निकासी दुरुस्त रखने की सलाह

रुक-रुककर हो रही बारिश और वातावरण में नमी को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खेतों में अतिरिक्त जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी है. खासकर कपास और धान की फसल में पानी जमा होने से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है.

कीट नियंत्रण के लिए भी किसानों को मौसम साफ होने का इंतजार करने और इसके बाद ही फसलों पर छिड़काव करने की सलाह दी गई है.

यह भी पढ़े -  अकाली दल से गठबंधन की खबरों पर CM सैनी का बड़ा खुलासा, भगवंत मान पर भी कसा तंज

औसत अधिकतम तापमान गिरा

हरियाणा में औसत अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है. प्रदेश में सबसे अधिक तापमान पलवल में 33.5°C रिकॉर्ड हुआ. सिरसा में 33.2°C, भिवानी में 33.0°C और हिसार में 32.5°C रहा. गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 29.0°C और यमुनानगर में 28.1°C दर्ज किया गया.

प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.8°C की मामूली गिरावट आई है. हालांकि, रात का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है. सबसे कम न्यूनतम तापमान भिवानी में 25.5°C दर्ज किया गया.

गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 25.8°C, कैथल और करनाल में 25.9°C, नारनौल में 26.0°C और रेवाड़ी में 26.3°C रहा. वहीं फरीदाबाद में 28.3°C और नूंह में 28.2°C तापमान दर्ज हुआ.

मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल दो दिन बारिश की गतिविधियां कमजोर रहेंगी, लेकिन 14 और 15 अगस्त को मानसून के दोबारा सक्रिय होने से प्रदेश में बारिश का दौर तेज हो सकता है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.