चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है. मानसून टर्फ की अक्षय रेखा में बदलाव और राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सरकुलेशन के कारण प्रदेश में मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ गई है. मौसम विभाग ने आज उत्तर- पूर्वी हरियाणा के चार जिलों अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. करनाल, कैथल और आसपास के जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है.

हिसार, जींद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी और चरखी दादरी में भी मध्यम बारिश होने के आसार हैं. मानसूनी गतिविधियों में कमी के बीच उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा रखी है. बढ़ती गर्मी के कारण प्रदेश में बिजली की डिमांड करीब 12,477 मेगावाट तक पहुंच गई.
15 अगस्त तक बारिश के आसार
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 13 अगस्त की रात से 15 अगस्त तक मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ेगी. इस दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है.
हालांकि, 16 अगस्त से मानसून ट्रफ के हिमालय की तलहटी की ओर खिसकने की संभावना है. इसके बाद प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों में कमी आएगी. बीच-बीच में बादल छाए रहने से दिन के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है, जबकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने के आसार हैं.
उमस ने बढ़ाई परेशानी
बुधवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.5°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो सामान्य से 2.0°C अधिक रहा. फरीदाबाद में सबसे अधिक तापमान 37.8°C रिकॉर्ड किया गया. अंबाला में 37.7°C, रोहतक में 37.3°C, करनाल में 36.2°C और चंडीगढ़ में 36.6°C तापमान रहा. पिछले 24 घंटे में हिसार में 8.3 मिमी, फतेहाबाद में 3.0 मिमी, सादलपुर में 2.5 मिमी और पंचकूला में 2.0 मिमी बारिश दर्ज हुई. हवा में नमी अधिक होने के कारण लोगों को दिनभर उमस का सामना करना पड़ा.
रात के तापमान में भी बढ़ोतरी
प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहा, लेकिन पिछले 24 घंटे की तुलना में औसतन 0.7°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई. यमुनानगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 25.1°C रहा, जबकि फरीदाबाद में रात का पारा 29.3°C तक पहुंच गया. अंबाला में 28.4°C, करनाल में 27.4°C, नारनौल में 27.5°C, रोहतक में 27.6°C और जींद में 28.3°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. नारनौल में 2.0 मिमी और नूंह में 1.0 मिमी रात की बारिश भी रिकॉर्ड हुई.