फरीदाबाद | दिल्ली- NCR में स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए 15 अगस्त को मेट्रो के परिचालन समय में बदलाव किया गया है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह 4 बजे से नेटवर्क के सभी टर्मिनल स्टेशनों से मेट्रो सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी. सामान्य समय- सारिणी के अनुसार परिचालन शुरू होने तक सभी मेट्रो लाइनों पर ट्रेनें 30 मिनट के अंतराल पर चलेंगी. इसके बाद, दोपहर से मेट्रो ट्रेनें निर्धारित समय के अनुसार सामान्य रूप से संचालित होंगी.

सुबह जल्दी मेट्रो सेवा शुरू होने से स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले लोगों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी. इससे लाल किला और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचने वाले यात्रियों को भी निजी वाहनों पर निर्भर रहने की जरूरत कम होगी.
1.30 लाख विशेष QR टिकट
विशेष मेहमानों और अधिकृत आमंत्रितों की सुगम आवाजाही के लिए DMRC ने रक्षा मंत्रालय को 1 लाख 30 हजार विशेष प्री-वेंडेड QR टिकट उपलब्ध कराए हैं. रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी वैध भौतिक प्रवेश-पत्र लेकर आने वाले आमंत्रितों को भी निर्धारित मेट्रो स्टेशनों पर विशेष QR टिकट दिए जाएंगे. इन विशेष QR टिकटों के जरिए की गई यात्रा का खर्च रक्षा मंत्रालय की ओर से DMRC को वापस किया जाएगा. इससे स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले आमंत्रितों की मेट्रो यात्रा को आसान बनाने की व्यवस्था की गई है.
दिल्ली गेट रहेंगे नजदीक
स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल लाल किले के लिए लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन प्रमुख नजदीकी स्टेशन रहेंगे. समारोह में जाने वाले यात्रियों के लिए इन स्टेशनों से आयोजन स्थल तक पहुंचना आसान होगा.
बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए मेट्रो सेवा सुबह 4 बजे से शुरू की जाएगी. इस दिन दिल्ली में बड़ी संख्या में लोग लाल किले और आसपास के इलाकों में पहुंचेंगे. ऐसे में सुबह से मेट्रो संचालन शुरू होने से यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का बेहतर विकल्प मिलेगा और निजी वाहनों का इस्तेमाल भी कम हो सकेगा- अनुज दयाल, प्रधान कार्यकारी निदेशक, DMRC