चंडीगढ़ | नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय खेल स्पर्धा में भारतीय कराटे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और 5 कांस्य पदक अपने नाम किए. खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से श्री बाला जी कराटे एकेडमी में खुशी का माहौल है. एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं कोच हरीश ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. प्रतियोगिता में मनन ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया. वहीं संध्या ने रजत पदक हासिल किया.

सोनाक्षी, यंशिका, वाशु शोरान, मयंक और आदित्य ने कांस्य पदक अपने नाम किए. आदित्य ने प्रतियोगिता में दूसरा कांस्य पदक हासिल किया. पदक जीतकर खिलाड़ियों के वापस लौटने पर उनका स्वागत किया गया.
हासिल की सफलता
कोच हरीश ने बताया कि नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर बेहतर प्रदर्शन किया. अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक हासिल करना खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षकों और अभिभावकों के लिए भी गर्व की बात है. खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर देश का नाम रोशन किया है. उन्होंने कहा कि कराटे खिलाड़ियों को लगातार बेहतर प्रशिक्षण दिया जा रहा है. साथ ही, उन्हें अलग- अलग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव भी दिलाया जा रहा है.
पदक की उम्मीद
कोच हरीश ने उम्मीद जताई कि आने वाले एशियन गेम्स में भी श्री बाला जी कराटे एकेडमी के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और लगातार प्रशिक्षण को देखते हुए भविष्य में उनसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है.