गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम जिले के मानेसर नगर निगम की टैक्स विंग ने प्रॉपर्टी टैक्स डिफाल्टरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोमवार को दो कमर्शियल टावर सील कर दिए. दोनों संपत्तियों पर कुल 7 करोड़ 67 लाख रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था. टैक्स असिस्टेंट उदय सिंह के नेतृत्व में निगम की टीम ने यह कार्रवाई की. टीम में नवीन, भरत और नितेश भी शामिल रहे. सबसे पहले सेक्टर- 8 में प्लॉट नंबर सीपी- 2 पर बने कमर्शियल टावर को सील किया गया. इस संपत्ति पर करीब 7 करोड़ 7 लाख रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था.

निगम की टीम ने सेक्टर- 2 स्थित अमरापाली कॉरपोरेट हब के जे टावर पर कार्रवाई की. इस संपत्ति पर करीब 60 लाख रुपए का टैक्स बकाया था. नोटिस के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं कराने पर दोनों संपत्तियों को सील किया गया.
अभियान रहेगा जारी
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव ने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स डिफाल्टरों के खिलाफ निगम का अभियान लगातार जारी है. उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्र में कई व्यावसायिक इमारतों पर लंबे समय से टैक्स बकाया है. संबंधित संपत्ति मालिकों को बकाया राशि जमा कराने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन भुगतान नहीं किया गया.
सीलिंग के बाद होगी कार्रवाई
संयुक्त आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नोटिस के बावजूद टैक्स जमा नहीं करने वाले डिफाल्टरों की संपत्तियों को नियमानुसार सील किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सीलिंग के बाद भी यदि संपत्ति मालिक बकाया टैक्स जमा नहीं करते हैं तो नगर निगम की ओर से नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों के अनुसार, प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा.